ईरान ने होर्मुज से बांग्लादेश के 6 जहाजों को दी मंजूरी, साथ में बेइज्जती भी की ! सुनाई खरी-खरी
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 07:42 PM (IST)
International Desk: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच ईरान ने बांग्लादेश को बड़ी राहत दी है। ईरान ने उसके छह तेल और गैस से भरे जहाजों को हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दे दी है, जहां कई दिनों से ये जहाज फंसे हुए थे। इन जहाजों में कतर से आए पांच LNG कार्गो और सऊदी अरब से एक कच्चे तेल का जहाज शामिल है। कुल मिलाकर करीब 5 लाख टन LNG और लगभग 79,000 टन कच्चा तेल इन जहाजों में लदा है।
हालांकि राहत देने के साथ ईरान ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की। ढाका में ईरान के राजदूत जलिल रहीमी जहानाबादी ने कहा कि बांग्लादेश ने अमेरिका और इजरायल के हमलों पर स्पष्ट निंदा नहीं की, जिससे ईरान संतुष्ट नहीं है। दरअसल, युद्ध के कारण हॉर्मुज जलडमरूमध्य लगभग बंद हो गया है, जिससे वैश्विक तेल सप्लाई पर बड़ा असर पड़ा है। यही रास्ता दुनिया के करीब 20% तेल व्यापार के लिए अहम माना जाता है। बांग्लादेश की स्थिति काफी गंभीर हो चुकी है, क्योंकि वह अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर है।
देश में पेट्रोलियम भंडार तेजी से घट रहा है और बताया जा रहा है कि एक महीने से भी कम का स्टॉक बचा है। स्थिति संभालने के लिए बांग्लादेश ने कई कदम उठाए हैं, जिनमें यूनिवर्सिटी बंद करना और ऊर्जा बचाने के उपाय शामिल हैं। ईरान ने कहा कि वह नहीं चाहता कि बांग्लादेश की जनता को परेशानी हो और वह ईंधन सप्लाई सुचारू रखने में मदद करता रहेगा। कुल मिलाकर, यह फैसला बांग्लादेश के लिए राहत जरूर है, लेकिन साथ ही ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपने खिलाफ अंतरराष्ट्रीय रुख को लेकर सतर्क और संवेदनशील है।
