ईरान ने 47 वर्षों तक अमेरिका को बनाया मूर्ख, ओबामा ने ईरान को दी अरबों की सौगात: ट्रंप का तीखा हमला

punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 12:59 AM (IST)

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के प्रति पिछली अमेरिकी सरकारों की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को "अब तक का सबसे बड़ा मूर्ख" (Sucker) करार दिया और उन पर ईरानी "गुंडों" के सामने घुटने टेकने का आरोप लगाया।

ईरान का 47 साल का 'खेल'
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा कि ईरान पिछले 47 वर्षों से अमेरिका और पूरी दुनिया के साथ "देरी करो, देरी करो" (Delay, Delay, Delay!) का खेल खेल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जब बराक ओबामा राष्ट्रपति बने, तब ईरान की किस्मत चमक गई। ट्रंप के अनुसार, ओबामा ने न केवल ईरान का साथ दिया, बल्कि इजरायल और अन्य मित्र देशों को दरकिनार कर ईरान को एक शक्तिशाली नया जीवनदान दिया।

सूटकेस में भरकर भेजी गई अरबों की नकदी
परमाणु समझौते के दौरान ईरान को दी गई भारी-भरकम राशि पर कटाक्ष करते हुए ट्रंप ने कहा कि ओबामा ने 1.7 बिलियन डॉलर की "हरी नकदी" चांदी की तश्तरी पर रखकर तेहरान भेजी थी। ट्रंप ने दावा किया कि वाशिंगटन, वर्जीनिया और मैरीलैंड के बैंकों को खाली कर दिया गया था। यह पैसा इतना ज्यादा था कि जब यह पहुंचा, तो ईरानी अधिकारियों को समझ नहीं आ रहा था कि इसका क्या करें। ट्रंप के मुताबिक, यह पैसा हवाई जहाज से सूटकेसों और थैलों में भरकर ले जाया गया था।

बाइडेन को बताया ओबामा से भी बुरा
ट्रंप ने केवल ओबामा ही नहीं, बल्कि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने ओबामा को एक "कमजोर और मूर्ख" नेता और एक "आपदा" बताया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि बाइडन उनसे भी अधिक खराब साबित हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों की हत्या का लगाया आरोप
ईरान में मानवाधिकारों के उल्लंघन का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरानी शासन ने हाल ही में 42,000 निर्दोष और निहत्थे प्रदर्शनकारियों को मार डाला। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पिछले 47 सालों से ईरानी अधिकारी अमेरिका पर हंस रहे थे और सड़क किनारे बमों से हमारे लोगों को मार रहे थे, लेकिन अब वे और नहीं हंस पाएंगे। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि अब अमेरिका फिर से महान बन रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News