ट्रंप का बड़ा फैसला, ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ फिलहाल रोका, ईरान-अमेरिका शांति समझौते के संकेत
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 08:20 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: मीडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump ने बड़ा फैसला लेते हुए 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' को फिलहाल रोक दिया है। उन्होंने सोमवार को ही इस मिशन की शुरुआत का ऐलान किया था, लेकिन अब इसे फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है।
यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) की नौसेना ने जहाजों को Strait of Hormuz को लेकर चेतावनियां जारी की हैं। 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' का मुख्य उद्देश्य इस अहम जलडमरूमध्य में फंसे जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालना था।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध, ईरान के विरुद्ध अभियान में मिली हमारी जबरदस्त सैन्य सफलता और ईरान के प्रतिनिधियों के साथ पूर्ण और अंतिम समझौते की दिशा में हुई प्रगति के आधार पर, हमने आपसी सहमति से यह तय किया है कि नाकाबंदी पूरी तरह लागू रहेगी, लेकिन प्रोजेक्ट फ्रीडम (होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही) को कुछ समय के लिए रोक दिया जाएगा ताकि यह देखा जा सके कि समझौता अंतिम रूप से संपन्न हो पाता है या नहीं।

यह मिशन सोमवार को शुरू किया गया था, जिसे अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने लागू किया। इससे पहले रविवार को ट्रंप ने इसकी घोषणा की थी। इस ऑपरेशन का मकसद होरमुज जलडमरूमध्य के बंद होने के कारण फंसे जहाजों को सुरक्षित रास्ता देना था।
ट्रंप ने यह भी कहा कि पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध पर ईरान के खिलाफ अभियान में अमेरिका को बड़ी सैन्य सफलता मिली है। साथ ही, ईरान के प्रतिनिधियों के साथ समझौते की दिशा में हो रही प्रगति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
उन्होंने साफ किया कि जहां एक ओर नाकाबंदी जारी रहेगी, वहीं दूसरी ओर 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' को अस्थायी रूप से रोका जाएगा, ताकि यह देखा जा सके कि संभावित समझौता पूरी तरह से हो सकता है या नहीं।
