ईरान ने व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी को मां बनने की दी बधाई, साथ ही ताना भी मारा, कहा-‘जब भी बेटी को गले लगाएं तो...

punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 02:24 PM (IST)

Washington: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच एक नया कूटनीतिक और भावनात्मक विवाद सामने आया है। ईरान ने व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी करोलाइन लेविट (Karoline Leavitt) को मां बनने पर बधाई तो दी, लेकिन साथ ही अमेरिका पर बच्चों की हत्या का गंभीर आरोप भी लगाया। दरअसल, करोलाइन लेविट ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नवजात बेटी के जन्म की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी का नाम “Viviana” रखा गया है और परिवार बेहद खुश है।

 

इसके बाद आर्मेनिया में स्थित ईरानी दूतावास ने X पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि बच्चे मासूम होते हैं और मीनाब स्कूल में मारे गए 168 बच्चे भी किसी के प्यारे बच्चे थे। ईरानी पोस्ट में दावा किया गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति के आदेश पर हुए हमले में उन बच्चों की जान गई। ईरानी दूतावास ने लिखा, “जब आप अपनी बेटी को प्यार करें, तब उन माताओं का दर्द भी याद करें जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया।” ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, 28 फरवरी को मीनाब इलाके के एक स्कूल पर हुए हमले में 165 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल थे।

तेहरान इस हमले के लिए अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराता है। हालांकि अमेरिका की तरफ से इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और इसे ईरान की “भावनात्मक कूटनीति” के तौर पर देखा जा रहा है।विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान इस तरह के संदेशों के जरिए वैश्विक सहानुभूति हासिल करने और अमेरिका पर नैतिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News