रियासत-ए-मदीना पर बोले इमरान-यौन अपराध और भ्रष्टाचार मुस्लिम देशों की बड़ी समस्या

punjabkesari.in Tuesday, Jan 04, 2022 - 12:13 PM (IST)

इस्लामाबाद: दुनिया के शीर्ष मुस्लिम विद्वानों के साथ 'रियासत-ए-मदीना: इस्लाम, समाज और नैतिक पुनरुत्थान' विषय पर एक परिचर्चा के दौरान  पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि बढ़ता भ्रष्टाचार और यौन अपराध मुस्लिम जगत के समक्ष दो मुख्य समस्याएं हैं।  इस सभा का आयोजन रविवार को  हाल  ही में गठित नेशनल रहमतुल-लिल-आलमीन अथॉरिटी (NRAA) द्वारा किया गया था।

 

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष अक्टूबर में NRAA का गठन यह शोध करने के लिए किया था कि पैगंबर के जीवन से सबक को जनता तक कैसे पहुंचाया जाए। विद्वानों ने इस बारे में अपने विचार प्रस्तुत किए कि कैसे युवाओं को उनकी आस्था और धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों पर सोशल मीडिया के आक्रमण से बचाया जा सकता है।

 

इस दौरान इमरान ने परोक्ष तौर पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के प्रमुख नवाज शरीफ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि समाज में दो तरह के अपराध होते हैं, एक भ्रष्टाचार और दूसरा यौन अपराध। हमारे समाज में यौन अपराध तेजी से बढ़े हैं, यानी बलात्कार और बाल यौन उत्पीड़न तथा इस तरह की केवल एक प्रतिशत घटनाएं ही दर्ज हो पाती हैं। 

 

उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि समाज को अन्य 99 प्रतिशत (अपराधों) से लड़ना होगा। भ्रष्टाचार के मामले में भी ऐसा ही है... समाज को भ्रष्टाचार को अस्वीकार्य बनाना होगा। दुर्भाग्य से, जब आपके पास ऐसा नेतृत्व होता है जो समय के साथ भ्रष्ट हो जाता है, तो वे भ्रष्टाचार को स्वीकार्य बना देते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News