Cambodia : भीषण सड़क हादसों में 14 कपड़ा श्रमिकों की दर्दनाक मौ'त, 93 घायल; मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 11:40 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क: कंबोडिया में शनिवार का दिन मातम में बदल गया जब दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कपड़ा कारखाने के कम से कम 14 श्रमिकों की मौत हो गई और 93 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, इन हादसों में हताहत होने वाले लोगों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं।

ट्रक की टक्कर से 9 की गई जान
श्रम मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, पहली हृदयविदारक घटना राजधानी नोम पेन्ह से लगभग 60 किलोमीटर उत्तर में स्थित कंपोंग छनांग प्रांत में हुई। यहाँ श्रमिकों को कारखाने ले जा रहे एक खुले ट्रक की भिड़ंत एक भारी मालवाहक ट्रक से हो गई। इस भीषण टक्कर में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 53 लोग घायल हो गए।

सड़क किनारे पलटी बस, 5 की मौत
दूसरी दुर्घटना दक्षिण-पूर्वी स्वे रींग प्रांत में हुई, जो कंबोडिया के प्रमुख कपड़ा कारखाना केंद्रों में से एक है। यहां श्रमिकों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिसमें 5 लोगों ने दम तोड़ दिया और 40 अन्य घायल हो गए।

मजबूरी और कम वेतन का बोझ
कंबोडिया का परिधान (गारमेंट) क्षेत्र देश की आय का मुख्य स्रोत है, जहां कम श्रम लागत की वजह से इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त हासिल है। यहां काम करने वाले श्रमिकों को ओवरटाइम सहित आमतौर पर प्रति माह मात्र 200-300 अमेरिकी डॉलर ही वेतन मिलता है। इस दुखद हादसे ने एक बार फिर इन मेहनतकश श्रमिकों की सुरक्षा और उनके जीवन के संघर्ष को उजागर कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News