हांगकांग में लोकतंत्र समर्थक प्रतिष्ठित कार्यकर्ता की पत्नी गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Mar 09, 2023 - 04:06 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः  हांगकांग की राष्ट्रीय सुरक्षा पुलिस ने लोकतंत्र समर्थक एक प्रतिष्ठित कार्यकर्ता की पत्नी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। महिला के पति उन नेताओं में शामिल हैं जो 1989 में लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं के खिलाफ चीन द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर वार्षिक मोमबत्ती जुलूस का आयोजन करते हैं। यह जानकारी महिला के करीबी दो लोगों ने दी है। अधिकारियों ने ली चेयुक-यान की पत्नी एलिज़ाबेथ तांग को स्टेनले कारागार के बाहर से गिरफ्तार किया है। उनके करीबी लोगों के मुताबिक, यह साफ नहीं है कि उन्हें किस आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

 

यह कदम 2019 में व्यापक सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद शहर के लोकतंत्र समर्थकों पर कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। कई कार्यकर्ताओं को बीजिंग की ओर से थोपे गए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत जेल में डाल दिया गया है या उन्हें चुप करा दिया गया है। तांग श्रमिक अधिकार कार्यकर्ता हैं और वह ‘हांगकांग कॉन्फेडरेशन ऑफ ट्रेड यूनियन्स' से जुड़ी रही हैं। इस संगठन को अब निष्क्रिय कर दिया गया है। उनके पति ली ‘हांगकांग अलायंस इन सपोर्ट ऑफ पैट्रिओटिक डेमोक्रेटिक मूवमेंट्स ऑफ चाइना' के पूर्व नेता हैं। इस संगठन को सुरक्षा कानून लागू करने के बाद 2021 में भंग कर दिया गया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News