हंतावायरस से प्रभावित यात्रियों वाला शिप स्पेन पहुंचा, WHO बोला-‘घबराने की जरूरत नहीं’
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 03:35 PM (IST)
International Desk: हंतावायरस संक्रमण से प्रभावित क्रूज पोत 140 से अधिक लोगों को लेकर स्पेन के कैनरी द्वीपसमूह के सबसे बड़े द्वीप टेनेरीफ पहुंच गया है। पश्चिम अफ्रीका के तट के पास स्थित इस द्वीप पर यात्रियों और चालक दल के कुछ सदस्यों को पोत से उतारा जाना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), स्पेन के प्राधिकारियों और क्रूज कंपनी 'ओशनवाइड एक्सपेडिशंस' ने कहा है कि 'एमवी होंडियस' पर सवार किसी भी व्यक्ति में फिलहाल वायरस के लक्षण नहीं दिख रहे।
प्रकोप के बाद से तीन लोगों की मौत हो चुकी है और पोत से उतर चुके पांच यात्री हंटावायरस से संक्रमित हैं। यह वायरस जानलेवा बीमारी का कारण बन सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस, स्पेन के स्वास्थ्य और गृह मंत्रियों के साथ पोत से लोगों को निकालने की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। अधिकारियों ने कहा है कि जिन यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को पोत से उतारा जाएगा, उनका स्थानीय आबादी से कोई संपर्क नहीं होगा। उन्हें तभी पोत से उतारा जाएगा, जब निकासी उड़ानें उन्हें उनके गंतव्यों तक ले जाने के लिए तैयार होंगी।
