2026 में पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर करीब 74.5 करोड़ रुपये खर्च, आया पूरा ब्यौरा
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 03:52 PM (IST)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2026 के आधिकारिक विदेश दौरों पर हुए खर्च का विस्तृत ब्यौरा संसदीय दस्तावेजों के जरिए सामने आया है। दस्तावेजों के अनुसार, फरवरी से जुलाई 2026 के बीच प्रधानमंत्री ने 13 देशों की आधिकारिक यात्राएं कीं, जिन पर कुल मिलाकर लगभग 74.5 करोड़ रुपये खर्च हुए। रिपोर्ट में अलग-अलग देशों की यात्राओं पर हुए खर्च का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि, जून में हुई फ्रांस यात्रा का अंतिम खर्च अभी इस आंकड़े में शामिल नहीं है, क्योंकि उससे जुड़े बिलों की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।
फरवरी में मलेशिया और इजरायल का दौरा
साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 से 8 फरवरी के बीच मलेशिया का दौरा किया। इस यात्रा पर कुल 5,57,17,369 रुपये यानी करीब 5.57 करोड़ रुपये खर्च हुए। इसके बाद 25 और 26 फरवरी को प्रधानमंत्री इजरायल पहुंचे। इस आधिकारिक यात्रा पर लगभग 11.92 करोड़ रुपये का खर्च दर्ज किया गया।
मई में पांच देशों की यात्रा
15 से 20 मई के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा किया। संसदीय दस्तावेजों में इन दौरों का उल्लेख किया गया है, हालांकि उपलब्ध जानकारी में प्रत्येक देश पर हुए अलग-अलग खर्च का विवरण साझा नहीं किया गया है।
जून में फ्रांस और स्लोवाक रिपब्लिक का दौरा
13 से 18 जून के बीच प्रधानमंत्री ने फ्रांस और स्लोवाक रिपब्लिक की यात्रा की। दस्तावेजों के अनुसार, स्लोवाक रिपब्लिक के दौरे पर 4,77,43,080 रु पये यानी करीब 4.77 करोड़ रुपये खर्च हुए। वहीं, फ्रांस यात्रा का खर्च अभी अंतिम रूप से दर्ज नहीं किया गया है। बताया गया है कि इस यात्रा से जुड़े बिल अभी प्रोसेस में हैं, इसलिए उसे कुल खर्च में शामिल नहीं किया गया है।
2021 से 2025 के दौरान FDI को लेकर भी दावा
संसदीय दस्तावेजों में यह भी उल्लेख किया गया है कि अप्रैल 2021 से दिसंबर 2025 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं के दौरान हुए निवेश प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत में 381.8 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) प्राप्त हुआ। दस्तावेजों में इसे विदेश दौरों से जुड़े आर्थिक परिणामों के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
कुल खर्च 74.5 करोड़ रुपये
संसदीय दस्तावेजों के मुताबिक, वर्ष 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर अब तक लगभग 74.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसमें फरवरी से जुलाई के बीच हुई आधिकारिक यात्राएं शामिल हैं, जबकि फ्रांस दौरे का अंतिम खर्च अभी जोड़ा जाना बाकी है।
