सऊदी अरब की उमराह यात्रियों को चेतावनी, 29 अप्रैल तक छोड़ दो देश वर्ना...

punjabkesari.in Wednesday, Apr 09, 2025 - 04:44 PM (IST)

International Desk: हाल ही में सऊदी अरब ने भारत और पाकिस्तान समेत 14 देशों के तीर्थयात्रियों पर वीजा बैन लगाया था ताकि उमराह और हज यात्राओं में अवैध भीड़ को रोका जा सके। अब सऊदी अरब के हज और उमराह मंत्रालय ने नया आदेश जारी किया है। जिन यात्रियों को उमराह वीजा मिल चुका है, उन्हें 29 अप्रैल तक सऊदी अरब छोड़कर अपने देश लौटना अनिवार्य कर दिया गया है।

 

13 अप्रैल अंतिम एंट्री डेट
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने कहा कि इस साल उमराह तीर्थयात्रियों के सऊदी अरब में प्रवेश की अंतिम तिथि 13 अप्रैल तय की गई है। वहीं, 29 अप्रैल तक सभी को उमराह पूरा कर देश छोड़ना होगा। इसके बाद वहां रुकने वाले लोगों को वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाला माना जाएगा।

 

नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना
मंत्रालय ने साफ किया है कि 29 अप्रैल के बाद सऊदी अरब में रुकने वालों पर कड़ा जुर्माना लगेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर व्यक्ति, कंपनियां और उमराह सेवा प्रदाताओं पर 100,000 सऊदी रियाल (करीब 22.94 लाख रुपये) तक का जुर्माना या कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

 

हज यात्रा से पहले सख्ती
यह कदम सऊदी सरकार ने वार्षिक हज यात्रा से पहले उठाया है, ताकि व्यवस्था बेहतर रहे। पिछले साल मक्का में भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें करीब 1200 लोगों की जान गई थी। इससे सऊदी की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान पहुंचा था। इसी को देखते हुए अब सऊदी अरब तीर्थयात्रियों की संख्या और नियमों पर सख्ती बरत रहा है।

 

अवैध रूप से रहने वालों पर कार्रवाई
एक दिन पहले सऊदी अधिकारियों ने 18,407 विदेशियों को गिरफ्तार किया है, जो वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी वहां अवैध रूप से रह रहे थे। इन पर प्रवासन, श्रम और सीमा सुरक्षा कानूनों के उल्लंघन का आरोप है। दोषी पाए जाने पर इन्हें 15 साल जेल या करीब 2.30 करोड़ रुपये जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

 

हज यात्रा 4 जून से शुरू
सऊदी सरकार ने सभी उमराह और हज सेवा प्रदाताओं को आदेश दिया है कि वे तीर्थयात्रियों के प्रस्थान की समयसीमा और रिपोर्टिंग प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें। ऐसा न करने पर इन संस्थानों पर भी भारी जुर्माना लगाया जाएगा। हज यात्रा इस साल 4 जून से शुरू हो रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News