पाक ने माना- जेहाद के नाम पर आतंक फैला रहा हाफिज सईद

punjabkesari.in Sunday, May 14, 2017 - 03:53 PM (IST)

लाहौर: पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने न्यायिक समीक्षा बोर्ड से कहा है कि मुंबई हमले का मास्टरमाइंड और जमात-उद-दावा का सरगना हाफिज सईद एवं उसके चार साथियों को ‘जिहाद के नाम पर आतंकवाद फैलाने’ के लिए हिरासत में लिया गया।  


सईद ने कही ये बात
सईद कल बोर्ड के समक्ष पेश हुआ और उसने बताया कि पाकिस्तान सरकार ने कश्मीरियों की आवाज बुलंद करने से रोकने के लिए उसे हिरासत में लिया। बहरहाल, गृह मंत्रालय ने उसकी दलीलों को खारिज कर दिया और तीन सदस्यीय बोर्ड से कहा कि सईद और उसके चार साथियों को ‘जिहाद के नाम पर आतंकवाद फैलाने’ के लिए हिरासत में लिया गया।  


न्यायमूर्ति एजाज अफजल खान(सुप्रीम कोर्ट) न्यायमूर्ति आएशा ए मलिक (लाहौर हाई कोर्ट) और न्यायमर्ति जमाल खान मंदोखैल (बलूचिस्तान हाई कोर्ट) की मौजूदगी वाले बोर्ड ने मंत्रालय को निर्देश दिया कि वह सईद और उसके चार साथियों - जफर इकबाल, अब्दुल रहमान आबिद, अब्दुल्ला उबैद और काजी कासिफ नियाज को हिरासत में लिए जाने को लेकर 15 को होने वाली अगली सुनवाई पर पूरा रिकॉर्ड सौंपे। बोर्ड ने यह भी कहा कि अगली सुनवाई पर पाकिस्तान के एटॉर्नी जनरल खुद उपस्थित हों। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच सईद और उसके चार साथियों को बोर्ड के समक्ष पेश किया था। इस मौके पर सईद के समर्थक अदालत के बाहर जमा थे।

सईद के वकील एके डोगर भी मौजूद थे,लेकिन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक ने अदालत के समक्ष खुद ही अपनी दलील रखने का फैसला किया। उसने कहा,‘‘सरकार की आेर से मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप किसी सरकारी संस्था द्वारा कभी साबित नहीं हुए। कश्मीर की आजादी के लिए आवाज बुलंद करने और कश्मीर मुद्दे पर सरकार की कमजोर नीति की आलोचना करने की वजह से मेरे संगठन और मुझे निशाना बनाया गया है।’’ 

कौन है हाफिज सईद?
हाफिज सईद आतंकी संगठन जमात-उद-दावा का चीफ है। ये एक दूसरे आतंकी संगठन लश्करे-तैयबा का को-फाउंडर भी है। इन दोनों संगठनों का भारत में कई आतंकी हमलों में हाथ पाया गया है। हाफिज के सिर पर अमरीका ने 1 करोड़ रुपए का ईनाम घोषित कर रखा है। हाफिज 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड है, इसमें 166 लोगों की मौत हुई थी। फिलहाल ये पाक में नजरबंद है। पाक सरकार ने हाफिज का नाम एग्जिट कंट्रोल लिस्ट (ECL) में भी शामिल किया है। यानी यह पाक छोड़कर नहीं जा सकता। पाकिस्तान ने हाफिज सईद को आतंकी भी माना है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News