ड्रग तस्करों की दरिंदगीः समुद्र तट पर रस्सियों से लटका दिए 5 मानव सिर, दिया खौफनाक संदेश
punjabkesari.in Monday, Jan 12, 2026 - 11:37 AM (IST)
International Desk: दक्षिण-पश्चिमी इक्वाडोर के एक समुद्र तट पर उस समय सनसनी फैल गई जब लकड़ी के खंभों से रस्सियों के सहारे पांच मानव सिर लटके हुए मिले। पुलिस ने रविवार को इस भयावह घटना की पुष्टि की। स्थानीय मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों में खून से सने सिरों का खौफनाक मंजर दिखाई दिया। सिरों के पास एक चेतावनी संदेश भी छोड़ा गया था, जो बंदरगाह शहर पुएर्तो लोपेज में मछुआरों से कथित तौर पर वसूली करने वालों को निशाना बनाकर लिखा गया बताया जा रहा है।
पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, यह वारदात आपस में भिड़ते आपराधिक गिरोहों के बीच चल रहे संघर्ष का नतीजा है। अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर गिरोह सक्रिय हैं, जो ड्रग्स की ढुलाई के लिए मछुआरों और उनकी छोटी नौकाओं का इस्तेमाल करते रहे हैं। पुएर्तो लोपेज, मनाबी प्रांत में स्थित है, जो लंबे समय से ड्रग तस्करी के मार्गों पर नियंत्रण को लेकर हिंसा का केंद्र बना हुआ है। महज दो सप्ताह पहले इसी इलाके में हुए एक नरसंहार में छह लोगों की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ाई थी।
इसके बावजूद हिंसा नहीं रुकी। तीन दिन बाद मनाबी प्रांत के ही मांटा शहर में हुए एक अन्य सशस्त्र हमले में भी छह लोगों की जान चली गई। इक्वाडोर बीते चार वर्षों से भीषण हिंसा के दौर से गुजर रहा है। देश कोलंबिया की उत्तरी सीमा और पेरू की दक्षिणी सीमा से आने वाले मादक पदार्थों के भंडारण और वितरण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 2025 इक्वाडोर के इतिहास का सबसे हिंसक वर्ष रहा, जिसमें 9,000 से अधिक हत्याएं दर्ज की गईं। ताजा घटना ने एक बार फिर देश की सुरक्षा व्यवस्था और ड्रग माफिया के बढ़ते प्रभाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
