आतिशबाजी बनी काल; धार्मिक उत्सव दौरान भयंकर विस्फोट, 10 लोगों की मौत व 64 घायल(Video)

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 11:34 AM (IST)

Mexico City: मेक्सिको राज्य के एक कस्बे में एक धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल की गई सामग्री में विस्फोट होने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई एवं 64 अन्य घायल हो गए। मेक्सिको के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह विस्फोट शनिवार रात मध्य मेक्सिको के तेमास्कालसिंगो में 'नुएस्त्रा सेनोरा दे ला लूज' गिरजाघर के पास हुआ। इस नगरपालिका की आबादी करीब 66,000 है। सैकड़ों लोग धार्मिक उत्सव में आतिशबाजी देखने के लिए एकत्र हुए थे कि तभी यह विस्फोट हो गया। तेमास्कालसिंगो, मेक्सिको सिटी से करीब 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।

 

विस्फोट के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मेक्सिको राज्य के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक स्थानीय बिशप ने बताया कि घायलों में दो पादरी भी शामिल हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विस्फोट के बाद का दृश्य दिखाई दे रहा है जिसमें दर्जनों लोग धुएं और मलबे के बीच जीवित लोगों की तलाश करते नजर आ रहे हैं। मेक्सिको में धार्मिक उत्सवों एवं जश्न में अक्सर आतिशबाजी की जाती है और इस दौरान विस्फोट की घटनाएं होना आम है। करीब चार साल पहले मध्यवर्ती हिदाल्गो राज्य के हुएहुतला नगरपालिका के एक गांव में आतिशबाजी के दौरान हुए शक्तिशाली विस्फोट में 17 लोग घायल हो गए थे।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News