अमीर देशों की तरक्की का राज़ जानने वाले अर्थशास्त्रियों को मिला नोबेल सम्मान, बताया, क्यों नहीं बन पाते गरीब देश अमीर?

punjabkesari.in Tuesday, Oct 15, 2024 - 12:23 PM (IST)

 International Desk: अमेरिका और ब्रिटेन के तीन प्रमुख अर्थशास्त्रियों को 2024 के अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इन अर्थशास्त्रियों में टर्किश मूल के अमेरिकी डेरॉन ऐसमोग्लू, ब्रिटिश मूल के अमेरिकी साइमन जॉनसन, और ब्रिटेन के जेम्स ए रॉबिन्सन शामिल हैं। उन्हें यह पुरस्कार 10 दिसंबर को स्वीडन में आयोजित एक समारोह में प्रदान किया जाएगा। इन तीनों ने अपनी रिसर्च में यह समझाया है कि क्यों गरीब देश लंबे समय की प्रगति के बावजूद अमीर देशों की तरह विकसित नहीं हो पाते। ऐसमोग्लू और जॉनसन अमेरिका के एमआईटी (MIT) में कार्यरत हैं, जबकि रॉबिन्सन शिकागो विश्वविद्यालय में रिसर्च कर रहे हैं।

 

इकॉनमिक साइंस पुरस्कार समिति के अध्यक्ष जैकब स्वेन्सन के अनुसार, "देशों के बीच आय में भारी अंतर को कम करना हमारे समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। इन पुरस्कार विजेताओं ने अपनी रिसर्च में गहरी जानकारी प्रदान की है कि देश सफल या असफल क्यों होते हैं।"ये रिसर्च अमीर और गरीब देशों के बीच के विकास के अंतर को समझने में एक महत्वपूर्ण योगदान देती है।

 

इनकी रिसर्च के तीन प्रमुख बिंदु 

  • संसाधनों का वितरण और शक्ति का नियंत्रण: समाज में संसाधनों का बंटवारा कैसे होता है और निर्णय लेने की शक्ति किसके पास होती है, इस आधार पर अमीर वर्ग और आम जनता के बीच संघर्ष होता रहता है।
  • जनता का सत्ताधारी वर्ग पर प्रभाव: जब जनता संगठित होती है, तो वे सत्ताधारी वर्ग को चुनौती देकर अपनी मांगें मनवाने की कोशिश करते हैं। इस प्रक्रिया में समाज की ताकत सिर्फ निर्णय लेने तक सीमित नहीं रहती है।
  • सत्ताधारी वर्ग की मजबूरी: कई बार अमीर सत्ताधारी वर्ग को निर्णय लेने का अधिकार जनता को सौंपने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे सत्ता संतुलन में बदलाव आता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News