अमरीका के रूस संकट में घिरने के बीच ट्रंप पेरिस रवाना

punjabkesari.in Thursday, Jul 13, 2017 - 11:30 AM (IST)

वाशिंगटन: व्हाइट हाऊस तक पहुंचने में रिपब्लिकन नेता को रूस से मदद मिलने के आरोपों के बीच अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्रांस रवाना हो गए हैं।  


अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में रूसी हस्तक्षेप को लेकर देश में इस सप्ताह नए सिरे से बवाल मचा हुआ है। विशेष विमान एयरफोर्स वन से ट्रंप करीब पौने आठ बजे पेरिस रवाना हुए। इस दौरान ट्रंप के फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो से बातचीत करने और देश के राष्ट्रीय अवकाश महोत्सवों में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लेने की संभावना है।  


अमरीका में कुछ दिन पहले कई ईमेल जारी हुए थे, जिनके अनुसार, अमरीकी राष्ट्रपति के पुत्र ने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान हिलेरी क्लिंटन पर कीचड़ उछालने के की रूसी पेशकश स्वीकारी थी। इन ईमेल के जारी के होने के कुछ ही दिन बाद ट्रंप की यह यात्रा हो रही है। वर्ष 2016 में हुए अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के प्रचार अभियान में रूसी साठगांठ थी या नहीं, इस बात को लेकर चल रही जांच में यह नई बात सामने आई है।

पेरिस रवाना होने से पहले ट्रंप ने ट्वीट किया,राष्ट्रपति मैक्रो के आमंत्रण पर फ्रांस में बास्ताइल दिवस के सम्मान और प्रथम विश्व युद्ध में अमरीका के शामिल होने के 100 वर्ष पूरे होने की याद में मनाए जा रहे समारोहों में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस रवाना होने की तैयारी में हूं।  ट्रंप आज पेरिस पहुंचने वाले हैं, जहां दोनों देशों के नेताओं के बीच ईराक एवं सीरिया में इस्लामिक स्टेट समूह के खिलाफ संयुक्त प्रयासों पर बातचीत होने की उम्मीद है।  इसके बाद दोनों नेता अपनी पत्नियों मेलानिया एवं ब्रिगेट के साथ फ्रांस की राजधानी के मनोरम दृश्यों का लुत्फ उठाते हुए एफिल टावर में स्थित मिशेलिन स्टार वाले रेस्त्रां में रात्रि भोजन करेंगे।  अगले दिन अवकाश के पारंपरिक सैन्य परेड के दौरान दोनों नेता पेरिस के चैम्प्स-एलिसीज में फ्रांसीसी एवं अमरीकी सैनिकों का मार्च देखेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News