जिनपिंग का सैन्य शुद्धिकरण अभियान तेज ! भ्रष्टाचारी बड़े मंत्रियों को मौत की सजा, संपत्तियां जब्त
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 05:16 PM (IST)
Bejing: चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग (Xi Jinping) की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। अब चीन के दो पूर्व रक्षा मंत्रियों Li Shangfu और Wei Fenghe को भ्रष्टाचार के मामलों में निलंबित मौत की सजा सुनाई गई है। चीनी सैन्य अदालत ने दोनों नेताओं को बड़े पैमाने पर रिश्वत लेने और अपने पद का गलत इस्तेमाल करने का दोषी पाया। सरकारी मीडिया के अनुसार, दोनों ने सेना के उच्च पदों पर रहते हुए भ्रष्टाचार किया और निजी फायदे उठाए। Li Shangfu पर हथियार खरीद और सैन्य उपकरण विकास से जुड़े मामलों में रिश्वत लेने और देने दोनों के आरोप साबित हुए।
वहीं Wei Fenghe पर वरिष्ठ सैन्य पदों पर रहते हुए रिश्वत लेने का आरोप साबित हुआ। दोनों को चीन के कानून के तहत “दो साल की राहत के साथ मौत की सजा” दी गई है। आमतौर पर इसका मतलब यह होता है कि यदि आरोपी आगे कोई अपराध नहीं करता तो सजा को बाद में बिना पैरोल वाली उम्रकैद में बदला जा सकता है। अदालत ने दोनों की निजी संपत्ति जब्त करने और राजनीतिक अधिकार हमेशा के लिए खत्म करने का भी आदेश दिया।
यह मामला इसलिए भी बड़ा माना जा रहा है क्योंकि दोनों नेता कभी चीन की सेना और सरकार के सबसे ताकतवर चेहरों में गिने जाते थे। दोनों चीन की सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के सदस्य रह चुके हैं, जो PLA को नियंत्रित करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कार्रवाई Xi Jinping के उस अभियान का हिस्सा है, जिसके जरिए वे सेना में भ्रष्टाचार खत्म करने और अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
