ट्रंप-शी की मुलाकात के बाद बड़ा फैसला, चीन और अमेरिका के बीच AI के लेकर हुई बड़ी डील
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 09:18 PM (IST)
Bejing: चीन और अमेरिका कृत्रिम मेधा (AI) से जुड़ी घटनाओं को संभालने के लिए एक चैनल बनाने और सैन्य संकट के समय बातचीत की प्रक्रिया में तेज़ी लाने पर सहमत हुए हैं। दोनों पक्षों ने शनिवार को अपने बयानों में यह बात कही। यह सहमति वाशिंगटन में दोनों देशों के नेताओं के तीन-दिवसीय शिखर सम्मेलन में बनी। व्हाइट हाउस ने शनिवार को एक बयान में कहा कि दोनों पक्ष चुनिंदा द्विपक्षीय व्यापार मुद्दों पर व्यापार बोर्ड के जरिये मिलकर काम करते रहने पर सहमत हुए, जिसने इस सप्ताह काम करना शुरू कर दिया। इस शिखर सम्मेलन से कोई बड़ी कामयाबी तो नहीं मिली, लेकिन कुछ जानकारों का कहना है कि बेहतर सहयोग की दिशा में उठाए गए कदम अहम हैं, क्योंकि इनसे दोनों देशों को ऐसे कार्यसमूह बनाने का मौका मिला, जो समस्याओं को बढ़ने से रोक सकते हैं।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग अमेरिका यात्रा पूरी कर शनिवार को स्वदेश पहुंच गए। इस यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शी का बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। चीन के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि दोनों पक्ष दोनों सेनाओं के बीच संकट के समय बातचीत को मज़बूत करने और संकट को रोकने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने पर सहमत हुए हैं। दोनों पक्ष एआई से जुड़ी घटनाओं के लिए एक संपर्क प्रणाली बनाएंगे, ताकि उनसे जुड़े जोखिमों और लाभों पर चर्चा की जा सके। इसके साथ ही, नवंबर में एआई पर खास संवाद भी तय किया गया है।
