Pakistan Bajaur Suicide Blast: बाजौर में सेना कैंप पर बड़ा आत्मघाती हमला, 15 सैनिकों की मौत की आशंका, TTP ने ली जिम्मेदारी

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 10:29 AM (IST)

 Bajaur Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर इलाके में मंगलवार को एक बड़ा और सुनियोजित आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें पाकिस्तानी सेना के कैंप को निशाना बनाया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार इस हमले में कम से कम 15 सैनिकों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने पहले सेना की सुविधा वाले हिस्से में तेज़ धमाका किया। इस जोरदार विस्फोट से पूरे कैंप में अफरा-तफरी मच गई। इसी मौके का फायदा उठाकर हथियारों से लैस आतंकवादी परिसर के अंदर घुस गए और सुरक्षा बलों के साथ लंबी मुठभेड़ शुरू हो गई।

इस हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली है। संगठन ने दावा किया है कि यह कार्रवाई उनकी “स्पेशल इस्तशहादी फोर्सेज (SIF)” द्वारा अंजाम दी गई।

स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हमले की योजना पहले से तैयार थी और इसमें भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया।

गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा और आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले भी इसी हफ्ते लक्की मरवत जिले के नौरंग बाजार में एक आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों की जान गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News