2 लाख करोड़ रु. की अपनी पूरी संपत्ति दान करेंगे सऊदी के प्रिंस तलाल (PICS)

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2015 - 03:42 PM (IST)

रियादः सऊदी अरब के सख्त कायदे-कानून के बारे में तो आप जानते हैं लेकिन क्या आपको वहां के राजाओ की दरियादिली के बारे में पता है?

इसकी जीती-जागती मिसाल हैं, सऊदी अरब के वॉरेन बफेट कहे जाने वाले प्रिंस अल वलीद बिन तलाल। तलाल ने अपनी 32 अरब डॉलर यानि तकरीबन 2.04 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति दान करने का वादा किया है। वे यह रकम महिलाओं के स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन पर खर्च करेंगे। इस योजना के ब्लूप्रिंट वह अगले साल जारी करेंगे।

तलाल ने कहा कि वे खुद बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के अध्यक्ष रहेंगे। पैसों के सही इस्तेमाल पर पूरी नजर रखेंगे। उनकी मौत के बाद भी यह ट्रस्ट बना रहेगा जो मानवीय मदद का काम करता रहेगा। प्रिंस अल-वलीद बिन तलाल के पास 2 सुपर यॉट, दुनिया का सबसे बड़ा प्राइवेट जेट और 300 से भी अधिक कारों (इसमें कई रॉल्स रॉयस, फेरारी, लेम्बोर्गिनी भी शामिल है) का काफिला है।

शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं तलाल

 60 साल के बिन तलाल सऊदी अरब के राजघराने से ताल्लुक रखते हैं। वे सऊदी के संस्थापक इब्न सऊद के पोते हैं। किंग अब्दुल्लाह के भतीजे हैं, जिनकी जनवरी में ही मौत हुई है। मां मोना लेबनान के पहले पीएम रियाद अल सुलह की बेटी हैं। प्रिंस तलाल 1960 में सऊदी अरब के वित्त मंत्री रह चुके हैं। इन्हें राजनीतिक सुधार की वकालत करने पर निर्वासन झेलना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि तलाल ने सारा साम्राज्य अपने दम पर बनाया था। वह अक्सर घर से भाग जाया करते थे। तलाल व्यापार करने के लिए खाली हाथ निकले थे। पिता से 30 हजार डॉलर का गिफ्ट मिला था। इससे कारोबार शुरू किया और वह आज दुनिया के सबसे अमीर शख्सियत में से एक हैं। अकेले दम पर इतना बड़ा साम्राज्य बनाने के लिए उनकी तुलना अमेरिकी अरबपति वॉरेन बफेट से की जाती है। तलाल का रियल स्टेट कारोबार है। उनका पैसा लंदन के सावेय होटल, एपल, सिटीग्रुप और न्यूज कॉर्प में भी लगा हुआ है।

तलाल के पास दुनिया का सबसे महंगा विमान है। इसे उड़ता हुआ महल कहा जाता है। इसमें सुख सुविधा की सभी जरूरी चीजें हैं। एयरबस से यह सुपर जंबो करीब 21.3 अरब रुपए में खरीदा था। इसमें पांच बड़े-बड़े रूम, तुर्की तरीके का स्नानागार, एक रॉल्स रॉयस कार रखने की जगह और मीटिंग रूम भी है। यही नहीं उनके पास 300 लग्जरी कारों का लंबा काफिला है। तीन बड़े महल हैं। 420 कमरों का भव्य महल हैं। इनमें झीलें और जू भी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News