अमरीका में बर्फीला तूफान, आपातकाल घोषित

punjabkesari.in Wednesday, Jan 28, 2015 - 06:08 AM (IST)

न्यूयार्क/माप्लेवुड (रायटर/सतिंद्र पाल कौर): अमरीका के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में आए जबरदस्त बर्फीले तूफान से 6 करोड़ से भी ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अमरीका के राष्ट्रीय मौसम विभाग ने क्षेत्र में 90 सैंटीमीटर तक बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की है। बर्फीले तूफान से देश की 20 प्रतिशत जनसंख्या प्रभावित हुई है और न्यूयार्क, न्यूजर्सी, कनैक्टीकट, रोड आइलैंड, मैसाचुसैट्स और न्यू हैंपशायर में 7500 से अधिक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा और इससे सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयार्क और बोस्टन हवाई अड्डा रहा।

न्यूयार्क समेत सभी 6 प्रांतों में सड़कें और यातायात सेवा रोक दी गई है। तटीय इलाकों में बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी गई है। न्यूयार्क प्रशासन ने बताया कि हवाई अड्डे से आज की सारी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। न्यूयार्क और न्यूजर्सी शहर के कई हिस्सों में भारी हिमपात हो रहा है और बर्फ हटाने के लिए मशीनों को लगाया गया है। सड़कों पर 5-5 फुट बर्फ जम गई है। बेशक प्रशासन ने सड़कों पर चलने के लिए रास्ता बनाने के लिए हजारों क्विंटल नमक फेंका है पर फिर भी सड़कों पर रास्ते नहीं बन रहे। सरकार द्वारा एमरजेंसी लागू करने के बाद खाने-पीने के सामान वाले स्टोर खाली हो गए हैं। लोगों ने अपने घरों में सामान स्टोर कर लिया है।

सड़कों पर वाहन चलाने पर प्रतिबंध, 500 डॉलर होगा जुर्माना
न्यूयार्क, कनैक्टीकट और मैसाचुसैट्स में सड़कों पर वाहन चलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। न्यूजर्सी, कनैक्टीकट, आइलैंड, मैसाचुसैट्स, न्यू हैंपशायर और न्यूयार्क में आपातकाल की घोषणा कर दी गई है। वहीं न्यूयार्क के गवर्नर एंड्रयू कूमो ने आज क्षेत्र में सभी तरह की यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया है परंतु प्रांत के 13 क्षेत्रों की सभी सड़कों पर केवल आपातकालीन वाहन चलाने का निर्देश दिया है। कनैक्टीकट और मैसाचुसैट्स क्षेत्र में भी सड़कों पर वाहन चलाने पर प्रतिबंध लगाया गया है और लोगों को घरों में रहने का निर्देश दिया गया है। श्री कूमो ने निर्देश जारी करते हुए कहा, ‘‘अगर कोई भी 11 बजे के बाद अपनी कार के साथ किसी भी सड़क पर चल रहा हो तो वह अपराध माना जाएगा।’’ इस आज्ञा का उल्लंघन करने वाले को 500 डॉलर जुर्माना किया जाएगा।

न्यूयार्क में पहली बार सबवे बंद
बर्फीले तूफान से सबसे ज्यादा न्यूयार्क शहर प्रभावित हुआ है जहां सभी सबवे, बस और रेल सेवा पूरी तरह से ठप्प हो गई है। शहर में ऐसा पहली बार हुआ है कि बर्फबारी के कारण सबवे को बंद किया गया है। वहीं न्यूजर्सी शहर में रेल और बस सेवा कल से ही बंद है और कल तक इसके बहाल होने की संभावना नहीं है। न्यूयार्क के आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार न्यूयार्क में अब तक की सबसे बड़ी बर्फबारी 11 दिसम्बर 2006 को हुई थी। तब शहर में 68 सैंटीमीटर बर्फ पड़ी थी। विभाग के अनुसार देश के समूचे पूर्वी हिस्से में बर्फीले तूफान का कहर रहेगा लेकिन इसका सबसे ज्यादा असर न्यूयार्क शहर पर दिखेगा जहां सर्द हवाओं के साथ भारी हिमपात होने का अनुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News