Eiffel Tower Love: इश्क में पागल हुई इस महिला ने एफिल टावर को दिया अपना दिल, फिर रचाई शादी और अब 15 साल बाद...
punjabkesari.in Thursday, Jun 05, 2025 - 04:24 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क। दुनिया में शादी को लेकर अलग-अलग तरह के क्रेज देखने को मिलते हैं। कुछ लोग अपने लिए परफेक्ट पार्टनर की तलाश में रहते हैं तो कोई समलैंगिक विवाह (गे या लेस्बियन मैरिज) करता है और कुछ लोग तो सोलोगैमी (खुद से शादी) भी कर लेते हैं। जहाँ आज भी समाज में समलैंगिक रिश्तों को पूरी तरह से स्वीकार नहीं किया जाता वहीं कुछ लोगों की अजीबोगरीब शादियों की कहानियाँ आपको हैरान कर देंगी। ऐसी ही एक कहानी है अमेरिका की एक महिला की जिसने पेरिस के एफिल टावर से ही शादी कर ली थी।
एफिल टावर से इश्क फिर शादी और बदला नाम
साल 2007 में एरिका लैबरी नाम की यह अमेरिकी महिला अपने अजीबोगरीब शौक के लिए सुर्खियों में आई थीं। एरिका का दावा है कि वह भावनात्मक रूप से अलग-अलग निर्जीव वस्तुओं के प्रति आकर्षित होती हैं।
जब वह पेरिस गईं तो उन्हें एफिल टावर से प्यार हो गया और उन्होंने उससे शादी करने का फैसला कर लिया। एरिका के अनुसार एफिल टावर के साथ उनका रिश्ता इतना गहरा हो गया था कि उन्होंने शादी के बाद अपना नाम बदलकर एरिका टावर कर लिया। लगभग 15 साल तक वह एफिल टावर के साथ ही वैवाहिक बंधन में रहीं।
15 साल बाद तलाक और नया जीवनसाथी
एरिका के लिए यह रिश्ता हमेशा के लिए नहीं था। 15 साल बाद एरिका को एक नई वस्तु से प्यार हो गया। उनका दावा था कि एफिल टावर के साथ 15 साल बिताने के बाद उनकी जिंदगी नीरस हो गई थी। इसलिए उन्होंने अपने पुराने जीवनसाथी को छोड़कर नए की तलाश शुरू कर दी और फिर उनकी यह तलाश फेंस के ज़रिए पूरी हुई। एरिका ने अपनी इस अनोखी लव स्टोरी को सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है।
एरिका अकेली ऐसी व्यक्ति नहीं हैं। दुनिया में और भी कई ऐसे लोग हैं जिन्हें निर्जीव चीज़ों के साथ भावनात्मक लगाव होता है और वे उनसे प्यार भी कर बैठते हैं। यह घटना दिखाती है कि प्यार और रिश्ते की परिभाषा हर व्यक्ति के लिए कितनी अलग हो सकती है।