ट्रंप का डबल गेमः जंग रोकने के लिए ईरान को भेजा 15 सूत्रीय प्लान, इजराइल रह गया हैरान !
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 11:31 AM (IST)
International Desk: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) के नेतृत्व वाला अमेरिकी प्रशासन अब ईरान के साथ तनाव कम करने के लिए 15-सूत्रीय युद्धविराम योजना लेकर आया है। दुबई से आई इस खबर के मुताबिक, यह प्रस्ताव सीधे नहीं बल्कि पाकिस्तान के माध्यम से ईरान तक पहुंचाया गया है, जो इस समय दोनों देशों के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है।सूत्रों के अनुसार, यह योजना ईरानी अधिकारियों को सौंप दी गई है और इसमें संघर्ष को रोकने के कई चरणबद्ध उपाय शामिल हैं। हालांकि इस योजना का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं।
दूसरी तरफ, अमेरिका की सैन्य गतिविधियां कुछ और ही कहानी बता रही हैं। अमेरिकी सेना अपनी 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के करीब 1,000 अतिरिक्त सैनिकों को तैनात करने की तैयारी कर रही है। इससे पहले ही पश्चिम एशिया में लगभग 50,000 अमेरिकी सैनिक मौजूद हैं। इसके अलावा, Pentagon दो मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट्स को भी क्षेत्र में भेज रहा है, जिसमें लगभग 5,000 मरीन और हजारों नौसेना कर्मी शामिल होंगे। यानी एक तरफ शांति की बात, दूसरी तरफ युद्ध की तैयारी दोनों साथ चल रहे हैं।
इस घटनाक्रम ने खासतौर पर इजराइल को चौंका दिया है। इजराइली अधिकारी, जो ईरान के खिलाफ सख्त सैन्य कार्रवाई के पक्ष में हैं, अमेरिका के इस युद्धविराम प्रस्ताव से हैरान हैं। उन्हें लग रहा है कि अमेरिका का रुख अचानक नरम क्यों हो गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह Donald Trump की रणनीति का हिस्सा हो सकता है, जिसमें वह अपने सभी विकल्प खुले रखना चाहते हैं। यानी अगर बातचीत सफल होती है तो शांति, और अगर नहीं तो सैन्य कार्रवाई के लिए पूरी तैयारी। इस पूरे मामले पर अभी तक White House की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, जिससे स्थिति और भी रहस्यमयी बनी हुई है।
