US : तुलसी गबार्ड ने खुफिया विभाग के निदेशक पद से दिया इस्तीफा; जानें अचानक क्यों लिया यह फैसला

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 06:11 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में एक बड़ी हलचल देखने को मिली है। ट्रंप की डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (DNI) तुलसी गबार्ड ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। फॉक्स न्यूज डिजिटल की रिपोर्ट के अनुसार, गबार्ड ने शुक्रवार को ओवल ऑफिस में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मुलाकात के दौरान इस फैसले की जानकारी दी। उनका इस्तीफा 30 जून, 2026 से प्रभावी होगा।

भावुक कर देने वाली वजह: पति को दुर्लभ कैंसर
तुलसी गबार्ड ने अपने इस्तीफे के पीछे पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति को लिखे पत्र में जानकारी दी कि उनके पति, अब्राहम, को हाल ही में एक अत्यंत दुर्लभ प्रकार के हड्डियों के कैंसर (Bone Cancer) का पता चला है। गबार्ड ने लिखा कि इस कठिन समय में परिवार को उनकी जरूरत है, इसलिए वे पद छोड़ रही हैं।

व्हाइट हाउस के 'दबाव' की चर्चा से मची सनसनी
हालांकि गबार्ड ने इस्तीफे का कारण पति की बीमारी बताया है, लेकिन इस मामले में एक नया मोड़ भी सामने आया है। 'रॉयटर्स' ने एक सूत्र के हवाले से दावा किया है कि गबार्ड ने स्वेच्छा से पद नहीं छोड़ा है, बल्कि व्हाइट हाउस ने उन्हें इस्तीफ़ा देने के लिए मजबूर किया है। इस दावे के बाद अमेरिकी गलियारों में तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं।

डेढ़ साल के कार्यकाल के लिए जताया आभार
तुलसी गबार्ड पिछले करीब डेढ़ साल से इस महत्वपूर्ण पद पर जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उन्होंने अपने त्याग पत्र में राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, "मुझ पर भरोसा जताने और पिछले डेढ़ साल तक इंटेलिजेंस कार्यालय का नेतृत्व करने का अवसर देने के लिए मैं आपकी गहराई से आभारी हूं"।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News