मॉस्को के सभी 4 एयरपोर्ट बंद, 1 घंटे में 11 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराने का दावा

punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 09:53 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः रूस की राजधानी मॉस्को में रविवार दोपहर सुरक्षा कारणों से बड़ा कदम उठाया गया। यूक्रेन की ओर से ड्रोन हमलों की आशंका के बीच मॉस्को के सभी चार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया। यह फैसला तब लिया गया जब रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने एक घंटे के भीतर कम से कम 11 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया।

रूस की नागरिक उड्डयन एजेंसी Rosaviatsia ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि सुरक्षा चिंताओं के चलते मॉस्को के चारों अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट Domodedovo International Airport, Vnukovo International Airport, Zhukovsky International Airport और Sheremetyevo International Airport  पर हवाई यातायात प्रतिबंध लगा दिया गया है। सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है और हालात सामान्य होने तक यह प्रतिबंध जारी रहेगा।

मॉस्को के मेयर Sergey Sobyanin ने अपने ‘मैक्स’ चैनल पर जानकारी देते हुए कहा, “एयर डिफेंस सिस्टम ने मॉस्को की ओर बढ़ रहे एक और ड्रोन को रोक लिया है।” उन्होंने शाम 4 बजे (स्थानीय समय) किए गए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि अब तक कुल 11 ड्रोन मार गिराए जा चुके हैं।

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब लगभग चार साल पूरे करने वाला है। इस दौरान रूस का दावा है कि यूक्रेन समय-समय पर मॉस्को सहित उसके कई क्षेत्रों पर ड्रोन से हमले करता है। वहीं रूस भी जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन की बौछार करता रहा है।

लगातार बढ़ते हमलों और जवाबी कार्रवाइयों के कारण दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है। मॉस्को के सभी प्रमुख एयरपोर्ट बंद होने से कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं और हालात सुरक्षित होने के बाद ही उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News