45 लोगों की मौत, अगले 4 दिन के लिए अलर्ट जारी... पाकिस्तान में बारिश का तांडव
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 09:21 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले 10 दिनों में बारिश से संबंधित घटनाओं में कम से कम 45 लोगों की मौत हो गयी और 105 लोग घायल हुए हैं। पीडीएमए ने रविवार को यह जानकारी दी। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने 25 मार्च से लगातार हो रही बारिश से हुए नुकसान को कवर करने वाली एक रिपोर्ट में कहा कि कुल 45 मृतकों में से 23 बच्चे, 17 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं, जबकि घायलों में 45 पुरुष, 16 महिलाएं और 44 बच्चे शामिल हैं।
पीडीएमए की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण प्रांत के कई जिलों में छतों और दीवारों के गिरने से प्रांत भर में व्यापक जनहानि और भौतिक क्षति हुई है। इसमें कहा गया है कि दो दर्जन से अधिक जिलों में कम से कम 442 घर प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 382 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं और 60 पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं।
पीडीएमए की रिपोर्ट में कहा गया है कि बचाव और राहत अभियान जारी हैं। इस बीच पीडीएमए के महानिदेशक ने चेतावनी दी है कि नौ अप्रैल तक प्रांत के विभिन्न हिस्सों में बारिश का एक और दौर आ सकता है और पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है।
