ईरान का बड़ा दावा: मार गिराया अमेरिकी फाइटर जेट F-15, पायलट को बनाया बंदी! मलबे को लेकर छिड़ी जंग

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 06:20 PM (IST)

International Desk: पश्चिम एशिया में युद्ध के बादल और गहरे हो गए हैं। ईरान ने दावा किया है कि उसने अपनी सीमा के पास अमेरिकी वायुसेना के एक अत्याधुनिक फाइटर जेट को मार गिराया है। इतना ही नहीं, ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी तस्नीम का कहना है कि विमान के पायलट को ईरानी सैनिकों ने जिंदा पकड़ लिया है और वह अब उनकी हिरासत में है।

F-35 या F-15E? मलबे ने बढ़ाया सस्पेंस
ईरान ने शुरुआत में दावा किया था कि उसने अमेरिका के सबसे घातक स्टील्थ फाइटर जेट F-35 को मार गिराया है। हालांकि, घटना स्थल से जो तस्वीरें और मलबे के अवशेष सामने आए हैं, रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि यह F-35 नहीं बल्कि F-15E स्ट्राइक ईगल विमान है। विमान की पहचान को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है, लेकिन विमान का गिरना अमेरिका के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

पायलट की गिरफ्तारी से बढ़ा तनाव
इस पूरी घटना में सबसे संवेदनशील मोड़ पायलट की गिरफ्तारी है। अगर ईरानी मीडिया का यह दावा सच साबित होता है कि अमेरिकी पायलट उनके कब्जे में है, तो यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े संकट का रूप ले सकता है। अमेरिका की ओर से अभी तक अपने पायलट या विमान के नुकसान पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर भी हुआ शिकार?
ईरानी मीडिया ने एक और बड़ा दावा करते हुए कहा है कि विमान गिरने के बाद अमेरिकी सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था। इस दौरान अमेरिका के कई हेलीकॉप्टर ईरानी सीमा के आसपास मंडराते देखे गए। ईरान का दावा है कि उसकी सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिका के एक ब्लैक हॉक (Black Hawk) हेलीकॉप्टर को भी मार गिराया है।

क्या होगा अगला कदम?
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अमेरिका के फाइटर जेट और हेलीकॉप्टर को वास्तव में ईरान ने गिराया है, तो अमेरिका की ओर से बहुत बड़ा जवाबी हमला हो सकता है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजरें वाशिंगटन और तेहरान से आने वाले अगले बयानों पर टिकी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News