यूरोप ने अमेरिका का घमंड किया चकनाचूर ! F-35 को लेकर दिया महाधोखा, KAAN के साथ शुरू होगा नया रक्षा अध्याय
punjabkesari.in Monday, Oct 06, 2025 - 12:43 PM (IST)

International Desk: अमेरिका का सुपर-एडवांस्ड F-35 स्टील्थ फाइटर जेट यूरोप में अब भरोसे के काबिल नहीं रहा। बढ़ती लागत, बार-बार होने वाली तकनीकी गड़बड़ियां और सॉफ्टवेयर देरी ने यूरोपीय देशों की चिंता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में स्पेन ने अमेरिकी F-35 को ठुकरा दिया है और अब वह गंभीरता से तुर्की के KAAN फाइटर जेट को खरीदने पर विचार कर रहा है।
स्पेन का यह कदम केवल एक रक्षा खरीद का निर्णय नहीं है, बल्कि यह यूरोप की रक्षा रणनीति और अमेरिका के वर्चस्व पर भी सीधा प्रभाव डालने वाला माना जा रहा है। स्पेन का निर्णय न केवल अमेरिका के F-35 प्रोग्राम को चुनौती दे रहा है, बल्कि यूरोप के रक्षा दृष्टिकोण में भी महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देता है। KAAN जेट की तकनीकी क्षमता और तेजी से उपलब्ध होने की संभावनाएं इसे यूरोप के लिए एक आकर्षक विकल्प बनाती हैं।
क्यों F-35 से यूरोप का भरोसा डगमगाया
स्पेन ने 2023 के अपने रक्षा बजट में नए फाइटर जेट्स के लिए 6.25 बिलियन यूरो (करीब 7.24 अरब डॉलर) निर्धारित किए थे। शुरुआत में अनुमान था कि स्पेन Eurofighter Typhoon या Future Combat Air System (FCAS) में से किसी एक को अपनाएगा। लेकिन बढ़ती लागत, लगातार सॉफ्टवेयर फेलियर और अमेरिकी नियंत्रण पर उठ रहे सवालों के कारण यह योजना बाधित हो गई। अमेरिका पर आरोप है कि F-35 का सोर्स कोड अमेरिकी नियंत्रण में ही सीमित रहता है, जिससे विमान इस्तेमाल करने वाले देशों की डिजिटल निर्भरता अमेरिका पर बनी रहती है। इस कारण यूरोप ने “Rearm Europe Program” के तहत अमेरिका पर अपनी रक्षा निर्भरता कम करने का निर्णय लिया है।
संकट में FCAS प्रोजेक्ट
यूरोप का महत्वाकांक्षी Future Combat Air System (FCAS) प्रोजेक्ट भी गंभीर संकट में है। फ्रांस की Dassault Aviation और जर्मनी की Airbus Defence के बीच नियंत्रण और नेतृत्व को लेकर खींचतान ने कार्यक्रम की रफ्तार लगभग रोक दी है। पहले इसका परीक्षण उड़ान 2027-29 के बीच होने की उम्मीद थी, लेकिन अब यह पूरी तरह देरी का शिकार है। स्पेन को अगले दशक में अपने पुराने F-18 और F-5 विमानों को बदलने की आवश्यकता है, और इस कारण तुर्की का KAAN जेट एक व्यावहारिक विकल्प बनकर उभरा है।
KAAN की ताकत और विशेषताएं
तुर्की का KAAN फाइटर जेट फरवरी 2024 में पहली उड़ान भर चुका है। इसे Turkish Aerospace Industries (TUSAŞ) ने विकसित किया है। KAAN को पाँचवीं पीढ़ी का विमान माना जाता है, जिसमें शामिल हैं:
- स्टील्थ डिजाइन
- एयर-टू-एयर और एयर-टू-ग्राउंड कॉम्बैट क्षमता
- हाई-स्पीड एवियोनिक्स सिस्टम
TUSAŞ के सीईओ Temel Kotil का कहना है कि KAAN F-35 से बेहतर विमान है। तुर्की की योजना है कि 2028 तक 20 ऐसे विमान उसकी वायुसेना में शामिल होंगे।
अंतर्राष्ट्रीय संभावनाएं
इंडोनेशिया पहले ही 48 KAAN जेट्स खरीदने का समझौता कर चुका है। इसके अलावा अज़रबैजान, पाकिस्तान, सऊदी अरब और UAE भी इस विमान में रुचि दिखा चुके हैं। अगर स्पेन यह डील फाइनल करता है, तो वह KAAN का दूसरा अंतरराष्ट्रीय ग्राहक बन जाएगा। स्पेन और तुर्की के बीच रक्षा सहयोग पहले से मजबूत है। दिसंबर 2024 में दोनों देशों ने 24 Hürjet एडवांस्ड जेट ट्रेनर विमानों के लिए समझौता किया था। सितंबर 2025 में स्पेन के मंत्रिमंडल ने 45 Hürjet विमानों की खरीद को मंजूरी दी, जिनकी कीमत 3.68 अरब यूरो बताई गई। अब KAAN की संभावित डील इस साझेदारी को और मजबूत करेगी।