कनाडा की टो-ट्रक हिंसा जांच में बड़ा खुलासा, टोरंटो पुलिस 9 अधिकारी भी संगठित अपराध में शामिल !

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 11:56 AM (IST)

Interrnational Desk: कनाडा के टोरंटो शहर में टो-ट्रक उद्योग से जुड़ी हिंसा और संगठित अपराध के मामलों में टोरंटो पुलिस के नौ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। सूत्रों के हवाले से सीबीसी न्यूज ने बताया कि इन अधिकारियों पर मानव तस्करी, हत्यारों को पते लीक करने, पुलिस अधिकारियों के पते उजागर करने और एक जेल अधिकारी की हत्या की साजिश रचने जैसे आरोप हैं।

 

सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि टोरंटो साउथ डिटेंशन सेंटर के एक यूनिट कमांडर की हत्या की साजिश रची गई थी। इनमें से दो अधिकारी बुधवार को अदालत में पेश हुए और उन्हें अगली सुनवाई तक जमानत पर रिहा किया गया है, जबकि अन्य अधिकारियों की कोर्ट में पेशी गुरुवार को होनी है।इस पूरे मामले की जांच यॉर्क रीजनल पुलिस कर रही है। टोरंटो पुलिस ने फिलहाल इस पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा है कि गुरुवार को यॉर्क पुलिस की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी जाएगी। टोरंटो पुलिस प्रमुख मायरोन डेमकिव भी इस प्रेस वार्ता में शामिल होंगे।

 

टोरंटो में टो-ट्रक उद्योग से जुड़ी हिंसा लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। वर्ष 2024 में इस सेक्टर से जुड़े विवादों में गोलीबारी की 63 घटनाएं सामने आई थीं, जो शहर में हुई कुल फायरिंग घटनाओं का लगभग 13 प्रतिशत थीं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने पिछले साल एक विशेष टास्क फोर्स भी गठित की थी।ओंटारियो की पुलिस निगरानी संस्था एसआईयू के पूर्व प्रमुख इयान स्कॉट ने इन आरोपों को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह मामला किसी एक ‘भटके हुए’ अधिकारी का नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था में गहरी समस्याओं की ओर इशारा करता है।

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News