कंगाल पाकिस्तान में इमरान कैबिनेट के मंत्री अरबपति, 7 सदस्यों के पास दूसरे देशों की नागरिकता

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2020 - 03:44 PM (IST)

इस्लामाबादः पाकिस्तान में फर्जी पायलट मामला अभी ठंडा नहीं हुआ था कि इमरान खान सरकार को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार कंगाल पाकिस्तान के कई मंत्री अरबपति हैं और दोहरी नागरिकता रखते हैं। प्रधानमंत्री इमरान खान के मंत्रिमंडल में कम से कम 7 सदस्यों के पास या तो दोहरी नागरिकता है या फिर वे दूसरे देशों के स्थायी निवासी हैं। सरकार ने गैर-निर्वाचित सदस्यों की संपत्ति और उनकी नागरिकता का खुलासा करने को लेकर विपक्ष की ओर से बढ़ते दबाव के बीच यह जानकारी दी है।

 

इन सदस्यों की संपत्ति और नागरिकता की जानकारी कैबिनेट डिवीजन की वेबसाइट पर दी गई है। इस बात का पता चलते ही इमरान सरकार फिर विफक्ष के निशाने पर आ गई है। इस बारे में सूचना मंत्री शिबली फराज के ट्वीट बाद देश में बवाल मच गया है। यह जानकारी विपक्ष के दबाप के बाद प्रधानमंत्री इमरान के निर्देश पर सार्वजनिक की गई है। खास बात यह है कि खान जब विपक्ष में थे तो विदेशी नागरिकों के सार्वजनिक पदों पर आसीन होने के सख्त खिलाफ थे।

 

कैबिनेट डिवीजन की वेबसाइट पर जारी अधिसूचना में कहा गया है कि दो देशों की नागरिकता रखने वाले ये सभी सदस्य गैर निर्वाचित हैं और प्रधानमंत्री के विशेष सहायक के पदों पर तैनात हैं। वेबसाइट पर इमरान सरकार के 20 सलाहकारों और विशेष सहायकों की संपत्ति और दोहरी नागरिकता की जानकारी सार्वजनिक की गई है। दूसरे देशों की नागरिकता रखने वालों में प्रधानमंत्री के राजनीतिक मामलों के विशेष सहायक शाहबाज गिल (अमेरिका), पेट्रोलियम मामलों के विशेष सहायक नदीम बाबर (अमेरिका), अनिवासी पाकिस्तानी मामलों के विशेष सहायक सैयद जुल्फिकार बुखारी (ब्रिटेन) और राष्ट्रीय सुरक्षा पर विशेष सहायक मोईद यूसुफ (अमेरिका) के नाम शामिल हैं।

 

इसके अलावा इस फेहरिस्त में ऊर्जा मामलों के विशेष सहायक शहजाद कासिम (अमेरिका), संसदीय समन्वय पर विशेष सहायक नदीम अफजाल गोंडल (कनाडा) और डिजिटल पाकिस्तान पर विशेष सहायक तानिया एस (कनाडा और सिंगापुर) का नाम भी हैं। कैबिनेट डिवीजन ने गैर-निर्वाचित सलाहकारों की सभी जानकारियां भी साझा की हैं, जिसमें पता चला है कि बाबर की पाकिस्तान में 31 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसके अलावा अमेरिका में भी उनकी 31 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। उनकी व्यापार पूंजी 2.15 अरब रुपए से अधिक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News