अमेरिका में धूल से तबाही: हाईवे पर 30 से ज्यादा गाड़ियां टकराईं, 4 की मौत व 29 घायल (Video)
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 11:45 AM (IST)
Washington: अमेरिका के कोलोराडो राज्य में मंगलवार को आई धूल भरी भीषण आंधी ने जानलेवा हादसे को जन्म दिया। तेज हवाओं के कारण उड़ती धूल से दृश्यता लगभग शून्य हो गई, जिसके चलते पुएब्लो के दक्षिण में इंटरस्टेट-25 पर 30 से अधिक वाहन एक-दूसरे से टकरा गए।
SCENE Multiple-vehicle #crash killing at least four closed I-25 in #Pueblo pic.twitter.com/nMX9bnm5Rp
— ShanghaiEye🚀official (@ShanghaiEye) February 18, 2026
कोलोराडो स्टेट पेट्रोल के अनुसार, यह हादसा पूर्वाह्न लगभग 10 बजे हुआ, जब अचानक तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार उठ खड़ा हुआ। वाहन चालकों को सड़क पर आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे एक के बाद एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते चले गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
गश्ती दल की प्रवक्ता शेरी मेंडेज ने कहा कि अत्यंत कम दृश्यता को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और राहत एवं बचाव कार्य में कई घंटे लग गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और चेतावनी जारी होने पर विशेष सतर्कता बरतें।
