Haiti Stampede: मातम में बदला जश्न! हैती के ऐतिहासिक किले में मची भारी भगदड़, 30 लोगों की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 08:53 AM (IST)
Haiti Stampede : कैरिबियन देश हैती (Haiti) के उत्तरी हिस्से से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। शनिवार को यहां के मशहूर और ऐतिहासिक किले 'सिटाडेल लाफेरिएर' (Citadelle Laferrière) में आयोजित एक वार्षिक कार्यक्रम के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक कम से कम 30 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जिनमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
यह हादसा उस समय हुआ जब किले में होने वाले एक सांस्कृतिक उत्सव में शामिल होने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ बेकाबू होकर किले के मुख्य गेट की ओर बढ़ने लगी। अचानक हुई बारिश ने हालात और खराब कर दिए। जमीन पर फिसलन होने के कारण लोग एक-दूसरे पर गिरते चले गए और उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। ज्यादा भीड़ होने के कारण लोग दबते चले गए जिससे दम घुटने और चोट लगने से दर्जनों लोगों की जान चली गई।
यह भी पढ़ें: J&K Earthquake: भूकंप के तेज झटकों से कांपी कश्मीर घाटी, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व का केंद्र
यह किला 19वीं सदी की शुरुआत में तब बनाया गया था जब हैती ने फ्रांस से आजादी हासिल की थी। UNESCO की विश्व धरोहर सूची में शामिल यह स्थल न केवल ऐतिहासिक है बल्कि देश की अस्मिता का प्रतीक भी है। इसी कारण हर साल यहां बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं लेकिन इस बार सुरक्षा इंतजाम भीड़ के आगे नाकाफी साबित हुए।
प्रधानमंत्री ने जताया गहरा शोक
हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए हैती के प्रधानमंत्री एलिक्स डिडिएर फिल्स-एमे (Alix Didier Fils-Aimé) ने कहा कि यह पूरे राष्ट्र के लिए एक बहुत बड़ी त्रासदी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई घायलों की स्थिति गंभीर है।
