Super Typhoon Bavi: 290 KM/H की रफ्तार से कहर बरपा रहा 'बावी', 17 लोगों की मौत- गुआम और नॉर्दर्न मारियाना में भारी तबाही का खतरा

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 08:02 AM (IST)

Super Typhoon Bavi: प्रशांत महासागर में बना सुपर टाइफून 'बावी' (Bavi) अमेरिकी क्षेत्र गुआम और नॉर्दर्न मारियाना आइलैंड्स पर कहर बरपा रहा है। तूफान के प्रभाव से कई इलाकों में तेज हवाएं, मूसलाधार बारिश और ऊंची समुद्री लहरों ने हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। मौसम विभाग ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

290 KM/H की रफ्तार से चल रही हवाएं
अमेरिकी नेशनल वेदर सर्विस (NWS) के मुताबिक, सुपर टाइफून 'बावी' के साथ करीब 290 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जबकि झोंकों की गति 350 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बेहद खतरनाक श्रेणी का तूफान है, जो बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा सकता है।

NWS ने चेतावनी दी है कि यह बेहद खतरनाक तूफान 'विनाशकारी' नुकसान पहुंचा सकता है। समुद्र में 11 मीटर (35 फीट) तक ऊंची लहरें उठने की आशंका है। समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, उत्तरी मारियाना द्वीपों में पहले ही  भारी नुकसान  की खबरें मिलने लगी हैं। पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र उष्णकटिबंधीय चक्रवातों के लिए संवेदनशील माना जाता है। हालांकि अमेरिकी द्वीपों पर इस स्तर के तूफान कम ही आते हैं, लेकिन वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण अत्यधिक शक्तिशाली टाइफून की घटनाएं बढ़ रही हैं।

आपातकालीन आश्रय केंद्रों में पहुंचे हजारों लोग
तूफान के पहुंचने से पहले हजारों लोग राहत एवं आपातकालीन आश्रय केंद्रों में पहुंचे और घरों को सुरक्षित करने की कोशिश की। उत्तरी मारियाना द्वीपसमूह का रोटा (Rota), जो गुआम से लगभग 50 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है, तूफान की सीधी चपेट में है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और बाहर न निकलने की अपील करते हुए कहा कि हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं। रोटा के मेयर कार्यालय के एक प्रवक्ता ने AFP से कहा, "हम फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन यहां तेज़ हवाएं और बाढ़ की स्थिति है। कई लोगों ने बड़े पैमाने पर नुकसान की सूचना दी है।"

सैपन में तेज़ झोंके, तूफान में 17 लोगों की मौत
रोटा के उत्तर में स्थित सैपन (Saipan) हवाई अड्डे पर 161 किमी/घंटा (100 मील/घंटा) से अधिक की रफ्तार वाले हवा के झोंके दर्ज किए गए। मौसम वैज्ञानिक मार्कस लैंडन आयडलेट ने बताया कि अप्रैल में आए सुपर टाइफून सिनलाकू (Sinlaku) के बाद से ही कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी थी। उस तूफान में 17 लोगों की मौत हुई थी और लगभग 1.5 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था। NWS के अनुसार, सोमवार दोपहर तक तूफानी हवाएं जारी रहने की संभावना है, जबकि उष्णकटिबंधीय तूफान जैसी हवाएं आधी रात के बाद ही कमजोर पड़ेंगी।

उड़ानें रद्द, कारोबार पर असर
खराब मौसम के चलते कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। स्थानीय दुकानदार और होटल संचालक अपने प्रतिष्ठानों को सुरक्षित करने में जुटे हैं। कई छोटे कारोबारी खिड़कियों को मजबूत लकड़ी से ढंक रहे हैं ताकि तेज हवाओं से नुकसान कम हो सके। पर्यटकों को भी होटल के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है। कई यात्रियों की वापसी की फ्लाइट्स रद्द होने से वे फिलहाल द्वीपों पर ही फंसे हुए हैं।

लगातार बढ़ रहे हैं शक्तिशाली तूफान
बावी पिछले दस वर्षों में अमेरिकी क्षेत्रों से टकराने वाला 11वां कैटेगरी-4 या कैटेगरी-5 उष्णकटिबंधीय चक्रवात होगा। यह संख्या इससे पहले के 57 वर्षों में आए ऐसे तूफानों की कुल संख्या से भी अधिक है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस वर्ष सक्रिय एल नीनो (El Nino) के कारण समुद्र का तापमान बढ़ा है, जिससे अधिक शक्तिशाली उष्णकटिबंधीय तूफानों के बनने और उनके तीव्र होने की संभावना बढ़ गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News