फुटबॉल मैच के दौरान आसमान से गिरी बिजली, 24 वर्षीय खिलाड़ी की मौ''त; दर्दनाक हादसे का Video वायरल
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 12:02 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: भारी बारिश के बीच चल रहे एक लोकल फुटबॉल मैच के दौरान एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां आसमानी बिजली गिरने से 24 वर्षीय फुटबॉलर की दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। यह दर्दनाक हादसा थाईलैंड के दक्षिणी हिस्से में हुआ, जहां एक लोकल मैच के दौरान फुटबॉलर सोफवान अवाए (Sofwan Awae) ने अपनी जान गंवा दी। इस आसमानी कहर में करीब एक दर्जन अन्य खिलाड़ी भी चोटिल हुए हैं।
मैदान पर ही तोड़ दिया दम
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भारी बारिश के बीच फुटबॉल का मुकाबला चल रहा था। इसी दौरान अचानक आसमान से तेज बिजली गिरी, जिसने सीधे सोफवान को अपनी चपेट में ले लिया। बिजली की चपेट में आने के बाद खिलाड़ी सीधे जमीन पर गिर गया और दोबारा हिल भी नहीं पाया। यह देखकर मैदान में मौजूद टीम के बाकी साथी खिलाड़ी उसकी मदद के लिए तेजी से दौड़े। 'द इंडिपेंडेंट' की रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण सोफवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह स्थानीय 'FA कप' टूर्नामेंट में 'SAMCOLTS' टीम की तरफ से खेल रहा था। इस टूर्नामेंट में एमेच्योर और थाई-मलेशियाई टीमें हिस्सा लेती हैं।
Horrifying footage from Thailand.
— Chay Bowes (@BowesChay) August 5, 2026
24yo footballer Sofwan Awar was struck dead by lightning mid-match.
The bolt also sent 12 other players to the hospital.
None of us knows when our time is up. pic.twitter.com/iejaA0yq8Y
बचाने की कोशिशें रहीं नाकाम, आयोजकों पर उठे सवाल
मलेशिया की न्यूज एजेंसी 'बरनामा' के मुताबिक, स्थानीय पुलिस प्रमुख थुन सिरिखुंट ने बताया कि इमरजेंसी मेडिकल टीम ने खिलाड़ी को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस दुखद हादसे के बाद टूर्नामेंट के आयोजकों पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोग लगातार सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि भारी बारिश के बावजूद मैच को तुरंत क्यों नहीं रोका गया। लोगों का कहना है कि आयोजकों की इस घोर लापरवाही को टाला जा सकता था, जिससे इस होनहार खिलाड़ी की जान बच सकती थी।
आंकड़ों के बावजूद नहीं ली सीख
रिपोर्ट्स के अनुसार, थाईलैंड में आसमानी बिजली गिरने से मौत होना काफी आम बात मानी जाती है। देश के 'डिपार्टमेंट ऑफ डिजीज कंट्रोल' के डेटा के मुताबिक, वर्ष 2020 से 2024 के बीच थाईलैंड में बिजली गिरने के कारण लगभग 283 लोगों की मौत दर्ज की गई थी। इन खतरनाक आंकड़ों को जानने के बावजूद खराब मौसम में खेल को न रुकवाना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
