VIDEO: टेकऑफ करते हवा में फटा प्लेन- विमान के अंदर दिखा खौफनाक मंजर: फर्श में आई दरारें, छत के हिस्से टूटकर यात्रियों पर गिरे
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 07:48 AM (IST)
ईरान: ईरान के मशहद शहर से केरमानशाह के लिए उड़ान भरने वाले सेपेहरान एयरलाइंस (Sepehran Airlines) के एक बोइंग 737 विमान को टेकऑफ के तुरंत बाद आपातकालीन स्थिति में वापस उतरना पड़ा। रनवे छोड़ते ही विमान का एक टायर कटकर अलग हो गया, जिसके मलबे से इंजन क्षतिग्रस्त हो गया और पूरे प्लेन में ज़ोरदार कंपन शुरू हो गया। टेकऑफ के झटके और कंपन के दबाव इतना गहरा था कि विमान का फर्श दो टुकड़ों में फटता हुआ नजर आया।
यह विमान उत्तर-पूर्वी ईरान के मशहद से केरमानशाह के लिए निकला था, तभी उड़ान भरने के कुछ ही पलों बाद क्रू को इस समस्या का पता चला। टेकऑफ के कुछ ही पलों बाद जब कंपन बढ़ा, तो फ्लाइट केबिन के अंदर चीख-पुकार मच गई। कंपन इतना तेज़ था कि सिर के ऊपर बने सामान रखने वाले ओवरहेड कंपार्टमेंट के लॉक खुल गए और यात्रियों के बैग और ceiling पैनल सीटों पर आ गिरे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्री घबराए हुए और प्रार्थना करते नज़र आ रहे हैं।
WATCH: Cabin ceiling falls apart onboard a Sepehran Airlines Boeing 737 after a tire reportedly burst shortly after takeoff from Mashhad Airport causing engine damage and severe vibrations. pic.twitter.com/R7RP1AwZYX
— Breaking Aviation News & Videos (@aviationbrk) September 15, 2026
हालात को देखते हुए पायलट ने तुरंत मशहद के 'हाशमी नेजाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे' पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी। एयरपोर्ट पर पहले से ही फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें तैनात कर दी गई थीं। पायलट ने मुस्तैदी दिखाते हुए विमान को मशहद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। बताया जा रहा है कि गिरते सामान की चपेट में आने से कुछ यात्री घायल भी हुए।
अधिकारियों ने अभी तक इस घटना के कारण के बारे में कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। उम्मीद है कि विमानन अधिकारी विमान की जांच करेंगे और यह पता लगाएंगे कि क्या टायर निकलने की घटना का संबंध बाद में हुई इंजन की खराबी से था। बताया जा रहा है कि मशहद एयरपोर्ट से संचालित होने वाले सेपेहरान एयरलाइंस के विमान के साथ हुई यह हालिया दूसरी आपातकालीन घटना है।
