शादी की खुशियां मातम में बदलीं: खाई में गिरा वाहन, दूल्हे की मां व बाराती बच्चों समेत 11 की मौत
punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 04:07 PM (IST)
International Desk: उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में शादी समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को ले जा रहा वाहन सोमवार को खाई में गिर गया, जिससे उसपर सवार कम से कम 11 लोग मारे गए और कई लोग घायल हो गए। बचाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह घटना खैबर पख्तूनख्वा के स्वात जिले के एक लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र मलम जब्बा में हुई। 'रेस्क्यू 1122' के अनुसार, इस घटना में दूल्हे की मां समेत कई महिलाएं और बच्चे मारे गए।
अधिकारियों ने बताया कि चालक का वाहन पर से नियंत्रण कथित तौर पर खो गया, जिससे वह गहरी खाई में जा गिरा। चिकित्सा दल और सरकारी अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने खुद ही बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि घायलों को सैदु शरीफ अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय अधिकारियों ने दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
