अफगानिस्तान में हिमस्खलन के बाद मोदी ने राहत, बचाव में मदद की पेशकश की

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2015 - 07:13 PM (IST)

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी को पत्र लिखकर वहां अलग अलग हिस्सों में हुए हिमस्खलन में मारे गये लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा राहत और बचाव कार्यों में सहयोग की पेशकश की। मोदी ने लिखा, ‘‘मैं अफगानिस्तान के अलग अलग हिस्सों में हिमस्खलन में लोगों की जान जाने पर बहुत दुखी हूं।

यह आपदा भारत की जनता और अफगानिस्तान के बीच लगाव और दोस्ती के विशेष बंधन के कारण हमें अधिक आहत करती है।’’ प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों तथा समुदायों के प्रति दिल से संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि कृपया सुनिश्चित करें कि इस दुख की घड़ी में लोग हमारी प्रार्थनाओं और भावनाओं को महसूस करें। मोदी ने कहा कि उन्हें इस आपदा के बाद राहत कार्य करने की दिशा में गनी के नेतृत्व में और अफगान जनता की क्षमता में बहुत भरोसा है।

उन्होंने कहा, ‘‘राहत और बचाव कार्यों के लिए और लोगों को उनके जीवन का पुनर्निर्माण करने में मदद करने के लिए जिस तरह आप चाहें, हम सहायता करने के लिए तैयार हैं।’’ मोदी ने कहा कि उन्होंने भारतीय राजदूत से कहा है कि वह गनी के मार्गदर्शन में अपेक्षित सहयोग पहुंचा सकें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News