गाना हटाओ वरना होगी कानूनी कारवाई... रिलीज होने से पहले ही मुश्किलों में Siddharth-Tamanna की फिल्म Vvan, बिना इजाजत इस्तेमाल किया गाना
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 05:02 PM (IST)
The Vvaan Force of the Forrest : सिंगर सरगम वैश ने आरोप लगाया है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द व्वान’ के ट्रेलर में उनके गाने ‘ऐगिरि नंदिनी’ का इस्तेमाल उनकी इजाजत के बिना किया गया।
वैश ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके यह मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि फ़िल्म के ऑफिशियल ट्रेलर में उनके गाने का लगभग 25 सेकंड का हिस्सा (गाने के 1:08 से 1:30 मिनट तक) इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी ओरिजिनल मास्टर फाइल, प्रोडक्शन और आवाज़ का इस्तेमाल उनकी सहमति के बिना किया गया।
पोस्ट में वैश ने कहा कि उन्होंने फ़िल्म के ट्रेलर या उसके प्रमोशन में गाने के इस्तेमाल के लिए कोई इजाज़त नहीं दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहले ही एक बड़े म्यूज़िक लेबल के साथ इस काम के लिए कॉन्ट्रैक्ट साइन किया हुआ है और इस तरह इस्तेमाल किए जाने से उनके मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पर असर पड़ सकता है। वीडियो शेयर करते हुए सिंगर ने लिखा, "मेरे गाने को 'VVAAN' से हटाओ। हाल ही में मैंने 'THE VVAAN – Official Trailer' देखा और पाया कि मेरे ओरिजिनल गाने का इस्तेमाल बिना मेरी इजाज़त या सहमति के किया गया है। मैंने ट्रेलर या इसके प्रमोशन में अपने म्यूज़िक के इस्तेमाल की इजाज़त नहीं दी है। यह मेरे लिए बहुत ज़रूरी है क्योंकि मैंने पहले ही इस काम के लिए एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है, और इस बिना इजाज़त इस्तेमाल से मेरे मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पर असर पड़ सकता है। मेरा मानना है कि हर आर्टिस्ट के काम का सम्मान होना चाहिए। किसी भी आर्टिस्ट के काम का इस्तेमाल उनकी इजाज़त के बिना नहीं किया जाना चाहिए।
वैश ने फिल्म की टीम से गाना हटाने और उनसे सीधे संपर्क करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि अगर मेकर्स के पास गाना इस्तेमाल करने की कोई इजाजत या लाइसेंस है, तो वे उसकी जानकारी देखना चाहेंगे। उन्होंने आगे कहा, "मैं संबंधित टीम से गुजीरिश करता हूं कि वे मेरा म्यूज़िक हटा दें और मुझसे सीधे संपर्क करें। अगर इसके इस्तेमाल के लिए कोई वैध इजाजत या लाइसेंस है, तो मुझे जानकारी मिलने पर अच्छा लगेगा। मैं इसे यहां इसलिए शेयर कर रहा हूं क्योंकि मुझे सच में आपके सपोर्ट की जरूरत है। प्लीज इस पोस्ट को शेयर करें और सही लोगों तक पहुंचने में मेरी मदद करें। उन सभी का शुक्रिया जो इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट के साथ खड़े हैं और उनके काम का सम्मान करते हैं।
वीडियो में वैश ने यह भी कहा कि अगर ट्रेलर से गाना नहीं हटाया गया तो उनकी लीगल टीम इस मामले को देखेगी।
'Vvan: Force of the Forest' में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म मध्य भारत के जंगल की पृष्ठभूमि पर आधारित है और भारतीय लोककथाओं पर बनी है। दीपक मिश्रा और अरुणाभ कुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म को शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अरुणाभ कुमार ने प्रोड्यूस किया है। यह बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर (TVF) का जॉइंट प्रोडक्शन है।
यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।
