तुम्हारे चेहरे सामने आ गए हैं, वहां से निकलो... मीडिया की मदद से शूटर्स को मिल रहे थी पूरी updates, Tiger Shroff के मामले में आया चौंकाने वाला सच
punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 03:24 PM (IST)
Tiger Shroff Firing Update : पुलिस सूत्रों ने शनिवार को दावा किया कि 18 अक्टूबर की शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने के बाद भागने वाले तीनों शूटर्स को, न्यूज़ चैनलों की कवरेज के जरिए पुलिस जांच के रियल-टाइम अपडेट मिल रहे थे। इससे उन्हें अपने भागने के रास्ते बदलने में मदद मिली। उन्हें 19 अक्टूबर को कोटा में एक ट्रेन से पकड़ा गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जैसे-जैसे मीडिया आउटलेट्स न्यूज अपडेट दिखा रहे थे, वैसे-वैसे पर्दे के पीछे बैठे उनके हैंडलर्स एन्क्रिप्टेड 'वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल' (VoIP) मैसेजिंग ऐप्स के जरिए सीधे शूटर्स तक जानकारी पहुंचा रहे थे।
मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, भागने के दौरान एक समय ऐसा आया जब न्यूज़ चैनलों पर हमले के फुटेज दिखाए गए। तब मुख्य संदिग्धों में से एक को अपने मोबाइल फोन पर एक जरूरी निर्देश मिला- तुम्हारे चेहरे सामने आ गए हैं, वहां से निकल जाओ। 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में दो शूटर्स ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर कई राउंड फायरिंग की थी। गनीमत रही कि अभिनेता को कोई गंभीर चोट नहीं आई। इस घटना के बाद कई राज्यों में जांच शुरू हुई और राजस्थान, यूपी और हरियाणा से कुल 10 लोगों को पकड़ा गया। इस हमले में श्रॉफ का ड्राइवर और एक व्लॉगर घायल हो गए थे।
मुख्य आरोपियों की पहचान फूल सिंह (18), रेहान रहीसुद्दीन अंसारी (18) और ऋतिक महतो (22) के रूप में हुई है। इन्हें अगले दिन राजस्थान के कोटा में पुलिस ने पकड़ लिया था। ये सभी अभी 31 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में हैं।
क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, डिजिटल सबूतों की जांच से पता चला है कि रेहान, सिग्नल या जांगी जैसे इंटरनेट-आधारित ऐप्स के जरिए लगातार VoIP पर बातचीत कर रहा था। इन ऐप्स पर रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल नंबर की जरूरत नहीं पड़ती है। सूत्रों ने आगे बताया कि अंधेरी में हमलावरों की मोटरसाइकिल मिलने और उनके ट्रेन से सफर करने की जानकारी मीडिया में आते ही, उनके हैंडलर्स ने तुरंत यह बात शूटर्स तक पहुंचा दी थी। "लगातार मिल रही जानकारी के कारण, इन तीनों को बार-बार अपने सफर का साधन बदलना पड़ा। वे मोटरसाइकिल से ट्रेन में गए, फिर कैब ली, और अंत में सूरत से बस पकड़ने की योजना बनाई।
सूरत बस टर्मिनल पर हुई देरी की वजह से उन्हें एक और ट्रेन पकड़नी पड़ी, जहां मुंबई पुलिस से मिली त्वरित सूचना के आधार पर कोटा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच हिरासत में उनसे पूछताछ कर रही है, ताकि हथियारों के मिलने के स्रोत का पता लगाया जा सके और उन सभी लोगों की पहचान की जा सके जो हथियार सप्लाई करने और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने में शामिल थे।
मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर अनिल पंडित को इस मामले में एक वांछित आरोपी बनाया है। अनिल पंडित ने ही टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। माना जाता है कि पंडित लॉरेंस बिश्नोई गैंग का साथी है और अमेरिका से अपना काम चला रहा है। उसने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए 18 अक्टूबर को अभिनेता पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी।
