न सैनिक, न जासूस, अब फोकलोर हीरो बनेंगे सिद्धार्थ मल्होत्रा, ‘द वन’ में दिखेगा नया अंदाज

punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 05:22 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल।सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने करियर में अब तक रोमांटिक कॉमेडी, थ्रिलर, फैमिली ड्रामा, एक्शन, वॉर और स्पाई जॉनर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं। लेकिन उनकी आने वाली फिल्म ‘द वन’ उन्हें एक ऐसी दुनिया में लेकर जाती नजर आ रही है, जिसे उन्होंने इससे पहले बड़े पर्दे पर एक्सप्लोर नहीं किया है। फिल्म का टीजर सामने आने के बाद इसे सिद्धार्थ के करियर के सबसे अलग प्रोजेक्ट्स में से एक माना जा रहा है।

अलग-अलग किरदारों से बनाई पहचान
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने करियर में कई तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई है। ‘हंसी तो फंसी’ में वह एक चार्मिंग और रोमांटिक हीरो के रूप में नजर आए, जबकि ‘एक विलेन’ में उन्होंने एक डार्क और बदले की भावना से भरे किरदार को निभाया।

वहीं ‘कपूर एंड संस’ में उन्होंने अर्जुन के जरिए एक ऐसे शख्स की कहानी दिखाई, जो परिवार और खुद के भीतर चल रहे संघर्ष से जूझता है। इसके बाद ‘शेरशाह’ में कैप्टन विक्रम बत्रा का किरदार उनके करियर की अहम फिल्मों में शामिल हुआ। ‘मिशन मजनू’ और ‘योद्धा’ में भी उन्होंने एक्शन और स्पाई वर्ल्ड से जुड़े किरदार निभाए।

‘द वन’ में बिल्कुल अलग दुनिया में नजर आएंगे सिद्धार्थ
‘द वन’ इन सभी फिल्मों से अलग इसलिए है क्योंकि इसमें सिद्धार्थ किसी सैनिक, जासूस या पारंपरिक एक्शन हीरो के रूप में नजर नहीं आ रहे हैं। फिल्म का टीजर दर्शकों को प्राचीन मान्यताओं, रहस्यमयी शक्तियों, फोकलोर और एक रहस्यमयी जंगल से भरी दुनिया में लेकर जाता है।

इस तरह की फोकलोर-फैंटेसी दुनिया में सिद्धार्थ को देखना दर्शकों के लिए भी नया अनुभव होगा। उनके पुराने किरदारों से इस भूमिका की तुलना करना आसान नहीं होगा, जो अभिनेता के लिए भी एक नई स्क्रीन इमेज बनाने का मौका है।

जब इमेज से हटे, तब मिली खास पहचान
सिद्धार्थ के करियर पर नजर डालें तो उनकी कुछ यादगार परफॉर्मेंस उन फिल्मों में रही हैं, जहां उन्होंने अपनी स्थापित इमेज से हटकर काम किया। ‘एक विलेन’ ने उन्हें शुरुआती दौर के स्मार्ट और पॉलिश्ड हीरो वाली छवि से अलग दिखाया, जबकि ‘कपूर एंड संस’ ने उनके इमोशनल पक्ष को सामने रखा।

इसके बाद ‘शेरशाह’ उनके करियर का एक बड़ा पड़ाव साबित हुई। कैप्टन विक्रम बत्रा की भूमिका के लिए उन्हें पहली बार फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर के लिए नॉमिनेशन भी मिला। अब ‘द वन’ में वह एक बार फिर अपनी पुरानी इमेज से आगे निकलने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार नया किरदार ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया नई है।

फोकलोर, फैंटेसी के साथ एडवेंचर और ह्यूमर
‘द वन’ को भारत के कुछ अलग तरह के स्टोरीटेलर्स साथ मिलकर तैयार कर रहे हैं। फिल्म में TVF के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर साथ आए हैं।

फिल्म की कहानी भारतीय फोकलोर और फैंटेसी पर आधारित है, लेकिन इसमें एडवेंचर, मिस्ट्री और ह्यूमर का भी तड़का देखने को मिलेगा। ऐसे में मेकर्स इसे एक कम्प्लीट फैमिली एंटरटेनर के तौर पर पेश करने की तैयारी में हैं।

खास बात यह है कि फिल्म की दुनिया को सिर्फ बड़े पर्दे तक सीमित नहीं रखा गया है। ‘द लीजेंड ऑफ द वन’ नाम की कॉमिक बुक के जरिए इस कहानी और इसके बड़े यूनिवर्स की झलक पहले ही दर्शकों तक पहुंचाई जा चुकी है।

तमन्ना भाटिया के साथ नजर आएंगे सिद्धार्थ
बालाजी मोशन पिक्चर्स, जो बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की एक डिविजन है, TVF और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर ‘द वन’ पेश कर रही है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

फिल्म की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है, जबकि इसका निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। मनु आनंद फिल्म के DOP और विजुअल डायरेक्टर हैं। फिल्म को शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने प्रोड्यूस किया है। ‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के टीजर से साफ है कि मेकर्स भारतीय फोकलोर को बड़े पर्दे पर एक नए अंदाज में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। अब देखना होगा कि सिद्धार्थ मल्होत्रा का यह नया अवतार दर्शकों को कितना पसंद आता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi