रणवीर सिंह का कर्नाटक हाई कोर्ट में हलफनामा, ''कांतारा'' मिमिक्री विवाद में बिना शर्त मांगेंगे माफी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 05:31 PM (IST)
फिल्म धुरंधर 2 की सफलता के बीच अभिनेता Ranveer Singh एक नए विवाद को लेकर चर्चा में हैं। कर्नाटक हाई कोर्ट में चल रहे मामले में अब अभिनेता ने बिना शर्त माफी मांगने का फैसला किया है। यह मामला उनके द्वारा फिल्म कांतारा के प्रसिद्ध ‘दैव’ सीन की नकल करने से जुड़ा है।
क्या है पूरा मामला
विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर सिंह पर कांतारा के दैव सीन की नकल करने को लेकर FIR दर्ज की गई। इसके बाद अभिनेता ने राहत पाने के लिए कर्नाटक हाई कोर्ट का रुख किया। अदालत ने उस समय पुलिस को निर्देश दिया था कि अभिनेता के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई न की जाए।
कोर्ट में माफी का हलफनामा
अब इस मामले में नया मोड़ आया है। रणवीर सिंह 10 अप्रैल 2026 को अदालत में हलफनामा दाखिल कर बिना शर्त माफी मांगेंगे। उनके वकील ने अदालत को बताया कि अभिनेता व्यक्तिगत रूप से माफी मांगने के लिए मैसूर स्थित Chamundi Temple भी जा सकते हैं।
शिकायतकर्ता की आपत्ति
इस मामले के शिकायतकर्ता वकील प्रशांत मेथल ने अभिनेता की माफी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रणवीर सिंह की माफी ईमानदार नहीं है, क्योंकि उन्होंने सिर्फ सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, न कि सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
पहले भी मांगी थी माफी
अभिनेता पहले ही इंस्टाग्राम के जरिए इस विवाद पर माफी मांग चुके हैं। उन्होंने अपने किरदार और प्रस्तुति को लेकर खेद जताया था।
आगे क्या होगा
अब अदालत इस मामले की अगली सुनवाई 10 अप्रैल को करेगी। इस दौरान रणवीर सिंह की ओर से दाखिल किए जाने वाले हलफनामे और माफी पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
