‘रामायणम्’ से सामने आया रकुल प्रीत सिंह का शूर्पणखा लुक, एक्ट्रेस ने बताया किरदार निभाने का अनुभव

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 02:54 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। फिल्म के मेकर्स ने अब अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह का पहला लुक जारी किया है। वह फिल्म में रावण की बहन शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगी। पोस्टर में रकुल का रॉयल अंदाज देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही महाकाव्य के एक और अहम किरदार से पर्दा उठ गया है।

जनस्थान की राजकुमारी के शाही अंदाज में दिखीं रकुल
मेकर्स ने पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “जनस्थान की राजकुमारी, शूर्पणखा। शूर्पणखा के रूप में रकुल प्रीत सिंह।” पोस्टर में रकुल बेहद बारीकी से तैयार किए गए परिधान, सोने के आकर्षक गहनों और सिर पर शानदार हेडपीस पहने नजर आ रही हैं। उनका यह लुक शूर्पणखा के राजसी व्यक्तित्व को दर्शाता है। इस पोस्टर के जरिए दर्शकों को पहली बार फिल्म में रकुल के किरदार की झलक देखने को मिली है।

शूर्पणखा का किरदार निभाना मेरे लिए खास अनुभव: रकुल
फिल्म का हिस्सा बनने के अनुभव पर रकुल प्रीत सिंह ने कहा कि नमित मल्होत्रा की ‘रामायणम्’ में काम करना और शूर्पणखा का किरदार निभाना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि इस महाकाव्य में शूर्पणखा की अहम भूमिका है और एक कलाकार के तौर पर उसके किरदार को समझना और पर्दे पर उतारना उनके लिए शानदार सफर रहा है। रकुल के मुताबिक, पीढ़ियों से लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली और भारतीय संस्कृति से जुड़ी ऐसी कहानी का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने लुक और परफॉर्मेंस को दर्शकों के सामने लाने के लिए उत्साहित हैं।

 

 

 

 

 

View this post on Instagram

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

A post shared by The World Of Ramayana (@worldoframayana)

राम और लक्ष्मण से सामना कहानी में लाता है अहम मोड़
रामायण की कथा में शूर्पणखा का किरदार एक महत्वपूर्ण कड़ी है। रावण की बहन शूर्पणखा का भगवान राम और लक्ष्मण से सामना होना कहानी में बड़ा मोड़ लेकर आता है। इसके बाद घटनाओं का ऐसा सिलसिला शुरू होता है, जो आगे चलकर राम और रावण के बीच युद्ध की पृष्ठभूमि तैयार करता है। जंगल में घटित होने वाली ये घटनाएं महाकाव्य के आगे के बड़े टकराव से जुड़ती हैं।

रणबीर कपूर बनेंगे राम, यश निभाएंगे रावण का किरदार
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने इसे DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा।

‘रामायणम्’ का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को और दूसरा भाग दिवाली 2027 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में आएगी। इसे दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में भी रिलीज किया जाएगा। भारत के बाहर फिल्म का वितरण सोनी पिक्चर्स करेगी, जबकि हिंदी भाषी बाजार में धर्मा प्रोडक्शंस इसकी वितरक होगी। फिल्म के गाने टी-सीरीज के लेबल के तहत रिलीज किए जाएंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News