प्रेम कीटाणु का नया गाना इश्क का गुलाम रिलीज, बी प्राक की आवाज में छलका टूटे दिल का दर्द
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 05:37 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्यार की कहानी हमेशा सिर्फ खुशियों तक सीमित नहीं रहती। कई बार रिश्ते के खत्म होने के बाद बची यादें और अकेलापन भी उसी कहानी का हिस्सा बन जाते हैं। इसी एहसास को लेकर फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ का नया गाना ‘इश्क का गुलाम’ रिलीज कर दिया गया है। गाने में प्यार के साथ-साथ जुदाई और टूटे दिल की भावनाओं को भी जगह दी गई है।
‘इश्क का गुलाम’ को बि प्राक और सुकृति कक्कड़ ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत द रिश ने तैयार किया है, जबकि इसके लिरिक्स कुणाल वर्मा ने लिखे हैं। दोनों गायकों की आवाज और गाने के भावुक बोल मिलकर इसे फिल्म की रोमांटिक कहानी का एक अहम हिस्सा बनाते हैं।
प्यार के बाद के दर्द को आवाज देता है गाना
‘इश्क का गुलाम’ उन भावनाओं पर फोकस करता है, जो किसी रिश्ते के खत्म होने के बाद भी इंसान के भीतर बनी रहती हैं। गाने में बीते पलों की याद, अकेलेपन और उस शख्स को भूल न पाने की कसक सुनाई देती है। बी प्राक की आवाज गाने के इस दर्द भरे मूड को और गहरा करती है। वहीं सुकृति कक्कड़ की आवाज इसे एक अलग भावनात्मक रंग देती है। गाने का म्यूजिक और लिरिक्स मिलकर प्यार के खुशनुमा पहलू के साथ उसके मुश्किल दौर को भी सामने लाते हैं।
बी प्राक ने बताया क्यों खास है ‘इश्क का गुलाम’
गाने को लेकर बि प्राक ने कहा कि ‘प्रेम कीटाणु’ के इस ट्रैक का हिस्सा बनना उनके लिए खास अनुभव रहा। उनके मुताबिक, गाने के जरिए प्यार की पूरी यात्रा को महसूस कराने की कोशिश की गई है, जिसमें रिश्ते की खूबसूरती के साथ उसके टूटने का दर्द भी शामिल है। उन्होंने कहा कि ‘इश्क का गुलाम’ सुनने वाले को उस दर्द से जोड़ता है जो प्यार के बाद रह जाता है, लेकिन इसके साथ ही यह उम्मीद और दोबारा प्यार महसूस करने की संभावना की तरफ भी इशारा करता है।
पहले रिलीज हो चुके हैं फिल्म के कई गाने
‘इश्क का गुलाम’ से पहले फिल्म के ‘अंडी बंदी’, ‘कहो तो’ और ‘तू मेरा रइयो’ जैसे गाने सामने आ चुके हैं। नया ट्रैक फिल्म के म्यूजिक एल्बम में एक और रोमांटिक और इमोशनल रंग जोड़ता है। यह गाना ज़ी म्यूजिक कंपनी के यूट्यूब चैनल के साथ-साथ अलग-अलग म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।
सात गानों से तैयार हुआ फिल्म का म्यूजिक एल्बम
‘प्रेम कीटाणु’ के म्यूजिक एल्बम में कुल सात गाने शामिल किए गए हैं। इसमें इंडस्ट्री के कई लोकप्रिय सिंगर्स की आवाज सुनने को मिलेगी। एल्बम के लिए सचेत टंडन, परंपरा टंडन, बि प्राक, अरमान मलिक, पापोन, जुबिन नौटियाल, मधुर शर्मा, अल्तमश फरीदी, शशि सुमन और बृजेश शांडिल्य ने गाने गाए हैं। इसके अलावा रैपर्स लिटिल भाटिया और मेज़म्यूजिक भी इस एल्बम का हिस्सा हैं।
युवाओं की दोस्ती और प्यार की कहानी है फिल्म
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ का निर्माण अवानिका फिल्म्स के बैनर तले गौरव वर्मा ने किया है। फिल्म को फार्स फिल्म्स के साथ भावना स्टूडियोज के सहयोग से को-प्रेजेंट किया गया है। फिल्म की कहानी युवाओं के एक ग्रुप के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें दोस्ती, पहला प्यार, एकतरफा मोहब्बत और रिश्तों में आने वाले उतार-चढ़ाव के साथ बड़े होने की प्रक्रिया को दिखाया जाएगा। फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘प्रेम कीटाणु’
रोमांस और युवा रिश्तों पर आधारित ‘प्रेम कीटाणु’ 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के नए गाने ‘इश्क का गुलाम’ के जरिए मेकर्स ने कहानी के इमोशनल पक्ष की भी झलक दे दी है।
