मां बनने के बाद आसान नहीं होता काम पर आना, जुड़वां बच्चों को जन्म देने के बाद Divyanka Tripathi का छलका दर्द, महिलाओं को दी सलाह
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 03:17 PM (IST)
Divyanka Tripathi : टेलीविजन सुपरस्टार दिव्यांका त्रिपाठी ने पति विवेक दहिया के साथ जुड़वां बेटों के जन्म के बाद रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' के साथ काम पर लौटने की चुनौतियों के बारे में बात की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चे के जन्म के बाद आसानी से वापसी (बाउंस बैक) जैसी कोई चीज़ नहीं होती। एक खास बातचीत में, एक्ट्रेस ने अपनी प्रोफेशनल जिम्मेदारियों और मां होने के फर्ज़ के बीच तालमेल बिठाने के बारे में बात की। उन्होंने माना कि अपने बच्चों को दो-चार मिनट के लिए भी छोड़ना मुश्किल हो गया है क्योंकि वे बड़े हो रहे हैं और अपने आस-पास की चीजों को जानने-समझने लगे हैं।
दिव्यांका, जिन्होंने अपने नवजात बच्चों की देखभाल की जरूरतों को पूरा करते हुए काम फिर से शुरू किया है, ने बताया कि जैसे-जैसे उनके जुड़वां बच्चे बड़े हो रहे हैं, उनकी देखभाल करना एक अलग अनुभव बनता जा रहा है।
सेट पर बच्चों को लेकर आती हैं दिव्यांका
हालांकि अभी बच्चे ज़्यादातर समय सोते और दूध पीते हुए बिताते हैं लेकिन उन्हें पता है कि उनके विकास का अगला चरण नई चुनौतियां लेकर आएगा।
"इस स्टेज पर बच्चों को संभालना असल में आसान होता है क्योंकि वे सोते और दूध पीते हैं। लेकिन मुझे पता है कि घुटनों के बल चलने (क्रॉलिंग) का स्टेज भी आएगा। उन्होंने धीरे-धीरे खुद को आगे बढ़ाना शुरू भी कर दिया है। मेरे लिए उन्हें दो-चार मिनट के लिए भी अकेला छोड़ना मुश्किल है। इसलिए, मुझे उन्हें सेट पर साथ ले जाना पड़ता है। यह आसान नहीं है, इनमें से कुछ भी आसान नहीं है।
दिमाग में धुंधलापन होता है. ..
उन्होंने यह भी कहा कि लोगों ने इस बात पर हैरानी जताई है कि वह कितनी जल्दी काम पर लौट आई हैं। मैंने पहले भी हमेशा यही कहा है कि महिलाएं बस आसानी से 'वापसी' नहीं करतीं। ऐसा कुछ नहीं होता। देखिए, आप कैमरे के सामने काम कर सकते हैं और हम अपना काम कर रहे हैं लेकिन मुश्किलें भी होती हैं। शरीर में दर्द होता है, दिमाग में धुंधलापन होता है और फिर भी हम जानते हैं कि हमें काम करते रहना है। हो सकता है कि हमें इतनी जल्दी काम पर लौटने की जरूरत न हो, लेकिन हम ऐसा कर रहे हैं।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि मां बनने के बाद काम पर लौटने के मामले में महिलाओं की एक-दूसरे से तुलना नहीं की जानी चाहिए। यह बताते हुए कि हर किसी के हालात अलग-अलग होते हैं, उन्होंने महिलाओं को सलाह दी कि वे किसी और के अनुभव से दबाव महसूस करने के बजाय अपनी यात्रा पर भरोसा रखें।
उन्होंने कहा, "मैं यह इसलिए कह रही हूं ताकि कोई भी एक महिला की तुलना दूसरी महिला से न करे और कहे, 'अरे, दिव्यांका ने तो कर दिखाया। नहीं, यह हर किसी के लिए मुश्किल होता है। हर कोई अपनी रफ़्तार से काम पर लौटता है। इसलिए बस अपनी रफ़्तार से आगे बढ़ें और मैं भी अपनी रफ़्तार से आगे बढ़ रही हूं। दिव्यांका ने उस सपोर्ट सिस्टम को भी याद किया जिसने इस दौर से गुजरने में उनकी मदद की। उन्होंने अपने परिवार और पति विवेक को साथ देने और माँ बनने और काम संभालने का आत्मविश्वास देने का श्रेय दिया।
उन्होंने आगे कहा, "मैं बहुत हिम्मत दिखा रही हूं लेकिन यह हिम्मत मुझे विवेक से मिलती है। वह मेरे साथ खड़े रहते हैं। मेरा परिवार मुझसे कहता है, 'तुम इसे संभाल लोगी। सब हो जाएगा। यह मत सोचो कि तुम्हें इंतजार करना चाहिए, अगर इंतजार करती रहोगी तो कभी शुरू नहीं कर पाओगी। मुझे यह भी लगता है कि काम करना हमारी मानसिक सेहत के लिए अच्छा है। आपके साथ रहना मेरी मानसिक सेहत के लिए अच्छा है।
26 मई, 2026 को जुड़वा बेटों को दिया जन्म
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि दिव्यांका और विवेक 26 मई, 2026 को जुड़वां बेटों के माता-पिता बने और सोशल मीडिया पर एक जॉइंट पोस्ट के ज़रिए फैंस के साथ यह खुशी की खबर साझा की। इस जोड़े ने 8 जुलाई, 2016 को शादी करने के लगभग 10 साल बाद अपने बेटों के आने की घोषणा की।
