300 करोड़ पार ‘मिर्जापुर: द मूवी’, वीकडेज में भी बरकरार भौकाल, गुरुवार को कमाए ₹1.20 करोड़

punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 02:10 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल और जितेंद्र कुमार स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की यह फिल्म दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। खास बात यह है कि 300 करोड़ क्लब में शामिल होने के बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार में खास गिरावट देखने को नहीं मिल रही है और वीकडेज में भी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है।

गुरुवार को कमाए 1.20 करोड़
फिल्म ने वीकडेज में भी अपनी कमाई का सिलसिला जारी रखा है। सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सोमवार को 1.65 करोड़ रुपये, मंगलवार को 1.40 करोड़ रुपये और गुरुवार को 1.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। नई फिल्मों की रिलीज के बीच भी फिल्म का सिनेमाघरों में बने रहना और लगातार कमाई करना इसकी बॉक्स ऑफिस पकड़ को दिखाता है।

ओवरसीज में भी फिल्म का जलवा
‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी दर्शकों का ध्यान खींचा है। फिल्म साल की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ओवरसीज फिल्मों में शामिल हो गई है। एक ओटीटी ओरिजिनेटेड फ्रेंचाइजी के बड़े पर्दे पर आने और दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने को फिल्म की टीम के लिए खास उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

दमदार कास्ट ने बढ़ाई फिल्म की दुनिया
फिल्म की कहानी, डायलॉग और ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के लोकप्रिय किरदारों के साथ इसकी स्टारकास्ट भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच रही है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, अली फजल और जितेंद्र कुमार के अलावा अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान नजर आ रहे हैं। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म 4 सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Manisha

Related News