महाकाल के दरबार पहुंचे मशहूर सिंगर Kailash Kher, भस्म आरती में हुए शामिल

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 10:16 AM (IST)

उज्जैन : धर्म और आस्था की पावन नगरी उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार सुबह प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर भगवान महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

 Kailash Kher in Ujjain

कैलाश खेर सुबह करीब 3 बजे मंदिर पहुंचे। वे नंदी हॉल में बैठकर पूरे श्रद्धा भाव के साथ भस्म आरती में सम्मिलित हुए। लगभग दो घंटे तक चले इस दिव्य अनुष्ठान के दौरान वे महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। आरती के बाद उन्होंने नंदी महाराज की पूजन करा और परंपरा के अनुसार नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी व्यक्त की।

 Kailash Kher in Ujjain

इसके पश्चात उन्होंने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को पुजारी के माध्यम से जल अर्पित कर विशेष पूजा की। दर्शन और पूजन के बाद मंदिर प्रबंध समिति द्वारा उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।

 Kailash Kher in Ujjain

मीडिया से चर्चा करते हुए कैलाश खेर ने कहा कि जो श्रद्धालु महाकाल के दरबार में पहुंच जाता है, उसके जन्म-जन्मांतर के पाप और विघ्न दूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल की भस्म आरती के दर्शन होना स्वयं भगवान की विशेष कृपा का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए उत्कृष्ट और सुव्यवस्थित प्रबंधन किया जा रहा है।

 Kailash Kher in Ujjain

विशाल ठाकुर 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News