महाकाल की शरण में पहुंचे Kartik Aaryan, अपनी आगामी फिल्मों के लिए मांगा सफलता का आशीर्वाद
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 11:24 AM (IST)
Kartik Aaryan in Ujjain : बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन मंगलवार को उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महाकाल के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान कार्तिक आर्यन ने प्रातःकालीन आरती में भी हिस्सा लिया और नंदी हॉल में बैठकर पूरे श्रद्धा भाव के साथ भगवान महाकाल का ध्यान किया। हाथ जोड़कर भक्ति में लीन उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद प्रशंसकों के बीच भी उत्साह देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार, कार्तिक आर्यन अपनी आगामी फिल्मों 'कैप्टन इंडिया' और 'नागजिला' की सफलता के साथ-साथ देश और समाज के जन-कल्याण की कामना लेकर बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे थे। मंदिर परिसर में उन्होंने कुछ समय तक आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया और भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।

मंदिर समिति की ओर से अभिनेता का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। दर्शन के दौरान सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्तिक आर्यन के महाकाल दर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। प्रशंसक उनकी सादगी और आस्था की सराहना करते हुए उनकी आने वाली फिल्मों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। बाबा महाकाल के दरबार में देशभर से आने वाली हस्तियों का सिलसिला लगातार जारी है।
विशाल ठाकुर
