15 साल की उम्र में पोर्न साइट पर दिखीं Janhvi Kapoor की तस्वीरें, खुद सुनाई दर्दनाक कहानी
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 03:20 PM (IST)
Mumbai : Janhvi Kapoor अक्सर नेपोटिज्म, सोशल प्रेशर और पब्लिक लाइफ से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखती रही हैं। हाल ही में उन्होंने इंटरनेट पर वायरल हो रही अपनी AI-जनरेटेड तस्वीरों को लेकर एक गंभीर अनुभव साझा किया, जिसने उनके निजी जीवन पर गहरा असर डाला।
एक्ट्रेस ने बताया कि भले ही वह इस तरह की चीजों को ऑनलाइन दुनिया का हिस्सा मानकर नजरअंदाज करने की कोशिश करती हैं, लेकिन सच यह है कि ये घटनाएं उन्हें आज भी अंदर तक प्रभावित करती हैं।

15 साल की उम्र में हुआ था हैरान करने वाला सामना
जाह्नवी ने एक इंटरव्यू के दौरान अपने स्कूल के दिनों की एक असहज घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह महज 15 साल की थीं, तब उन्हें एक एडल्ट वेबसाइट पर अपनी मॉर्फ्ड तस्वीर देखने को मिली थी।
उनके मुताबिक, स्कूल में IT क्लास के दौरान कुछ छात्र मजाक में ऐसी साइट्स खोलते थे और वहीं उन्हें अपनी बदली हुई तस्वीर दिखाई दी। जाह्नवी ने कहा कि उस समय वह समझ नहीं पाईं कि यह डीपफेक था या कुछ और, लेकिन यह अनुभव बेहद अजीब और परेशान करने वाला था।
सोशल मीडिया पर नैतिकता की कमी
उन्होंने आगे कहा कि एक वक्त ऐसा भी आया जब उन्हें लगा कि पब्लिक लाइफ का हिस्सा बनने की कीमत यही है। सोशल मीडिया की दुनिया में कई बार नैतिकता की कमी साफ नजर आती है, जहां किसी की इमेज के साथ छेड़छाड़ करना आम बात बन चुकी है।

करियर पर भी पड़ सकता है असर
जाह्नवी का मानना है कि AI से बनाई गई ऐसी तस्वीरें सिर्फ निजी तौर पर ही नहीं, बल्कि उनके प्रोफेशनल करियर को भी प्रभावित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इन तस्वीरों को इस तरह फैलाया जाता है जैसे उन्होंने खुद उन्हें साझा किया हो, जिससे लोगों की सोच प्रभावित होती है। ऐसे में अगर वह किसी प्रोजेक्ट में अपनी सीमाएं तय करती हैं, तो लोग उन्हीं फर्जी तस्वीरों का हवाला देकर सवाल उठा सकते हैं।
आलोचना के डर से नहीं उठाती आवाज
एक्ट्रेस ने यह भी स्वीकार किया कि वह इन मुद्दों पर खुलकर शिकायत करने से बचती हैं। उनका मानना है कि अगर वह आवाज उठाएंगी, तो लोग उनकी बात समझने के बजाय उनकी ही आलोचना करने लगेंगे और असली मुद्दा पीछे छूट जाएगा।
वर्कफ्रंट
काम की बात करें तो जाह्नवी कपूर आखिरी बार फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में नजर आई थीं। आने वाले समय में वह साउथ सुपरस्टार Ram Charan के साथ फिल्म ‘पेद्दी’ में दिखाई देंगी।

