IFFI 2026 के इंडियन पैनोरमा में चुनी गई भरतबाला की फिल्म ‘बनारस’, ए.आर. रहमान के साथ फिर जमी जोड़ी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 04:57 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्ममेकर भरतबाला एक बार फिर फीचर फिल्म निर्देशन में वापसी करने जा रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘बनारस’ को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2026 के प्रतिष्ठित इंडियन पैनोरमा सेक्शन में जगह मिली है। फिल्म का इंडिया प्रीमियर भी इसी फेस्टिवल में होगा। खास बात यह है कि इस फिल्म के लिए भरतबाला ने मशहूर संगीतकार ए.आर. रहमान के साथ फिर से हाथ मिलाया है। रहमान फिल्म के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी हैं।

‘बनारस’ में अभिषेक बनर्जी, शहाना गोस्वामी, नीरज काबी, छाया कदम, इंदिरा तिवारी और एंटनीथासन जेसुथासन जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे। फिल्म भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा के बीच एक पिता और बेटी के रिश्ते की भावनात्मक कहानी को पर्दे पर उतारती है। इसमें परिवार, रिश्तों और अलग-अलग पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को संवेदनशील तरीके से दिखाया गया है।

फिल्म के इंडियन पैनोरमा में चयन पर निर्देशक भरतबाला ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘बनारस’ उनके लिए एक बेहद खास रचनात्मक सफर रहा है। उन्होंने फिल्म को एक भावनात्मक पिता-बेटी की कहानी बताया, जिसमें शहाना गोस्वामी, नीरज काबी और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकारों के साथ शानदार टीम ने काम किया है। उन्होंने ए.आर. रहमान के साथ दोबारा काम करने के अनुभव को भी खास बताया और कहा कि फिल्म का संगीत इसकी आत्मा का अभिन्न हिस्सा है।

भरतबाला भारतीय कहानियों और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्हें फिल्म ‘राम-नामी’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। ‘बनारस’ साल 2013 में रिलीज हुई धनुष स्टारर ‘मरियान’ के बाद बतौर फीचर फिल्म निर्देशक उनकी वापसी है।

ए.आर. रहमान और भरतबाला की साझेदारी भी काफी पुरानी है। दोनों इससे पहले ‘वंदे मातरम’ और ‘जन गण मन’ जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स में साथ काम कर चुके हैं। अब ‘बनारस’ के जरिए उनकी यह रचनात्मक साझेदारी एक नई कहानी के साथ दर्शकों के सामने आएगी।

फिल्म की तकनीकी टीम में भी कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी पुरस्कार विजेता मार्क कोनिक्स ने संभाली है, जबकि एडिटिंग राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता श्रीकर प्रसाद ने की है। फिल्म में कोरियोग्राफी बृंदा मास्टर ने की है और साउंड डिजाइन ऑस्कर विजेता रेसुल पुकुट्टी ने संभाला है।

शिव हंस पिक्चर्स, शिवानी रावत, जूली गोल्डस्टीन, भरतबाला और जननी रविचंद्रन द्वारा निर्मित ‘बनारस’ शिव हंस पिक्चर्स की पहली हिंदी फीचर फिल्म है। इस प्रोडक्शन हाउस का नाम देव पटेल निर्देशित फिल्म ‘द पीज़ेंट’ से भी जुड़ा रहा है। IFFI 2026 में फिल्म के प्रीमियर के साथ अब दर्शकों को इसकी कहानी और संगीत का अनुभव बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansi

Related News