''रामायण'' में रावण को बताया महिलाओं का रक्षक, फिल्म देख भड़की हिंदू जनजागृति समिति, कहा- बदलाव नहीं हुआ तो, देश में विरोध करेंगे

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 04:35 PM (IST)

Ramayan Movie Controversy : हिंदू जनजागृति समिति (HJS) ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'रामायण' पर आपत्ति जताई है। समिति का आरोप है कि यह फिल्म महर्षि वाल्मीकि के महाकाव्य को तोड़-मरोड़ कर पेश करती है, राक्षस राज रावण का महिमामंडन करती है और भगवान राम व लक्ष्मण को उनके पारंपरिक चित्रण से बिल्कुल अलग रूप में दिखाती है।

संगठन ने हिंदुओं से अपील की है कि वे यह फिल्म न देखें। उनका दावा है कि यह फिल्म एक कम्युनिस्ट एजेंडे को बढ़ावा देती है। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर फिल्म के दूसरे भाग में भी इसी तरह की छेड़छाड़ देखने को मिली, तो वे पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करेंगे। नितेश तिवारी की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म "रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आ रहे हैं।

मंगलवार शाम जारी एक बयान में, HJS गोवा के समन्वयक मनोज सोलंकी ने दावा किया कि फिल्म के कई दृश्य हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं। उन्होंने 'रचनात्मक स्वतंत्रता' (creative freedom) के नाम पर फिल्म निर्माता की व्याख्या पर सवाल उठाए।

HJS के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की, जिसमें उन्होंने फिल्म के खिलाफ अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। सोलंकी ने कहा कि रामायण करोड़ों लोगों की गहरी आस्था का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में ऐसी घटनाएं और पात्र दिखाए गए हैं, जो मूल कथा से मेल नहीं खाते। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म के धार्मिक पहलुओं की ठीक से जांच नहीं की। उन्होंने कहा कि धार्मिक महाकाव्यों पर आधारित फिल्मों को मंजूरी देने से पहले बोर्ड को धर्मग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए और विद्वानों से सलाह लेनी चाहिए, ताकि मूल कथा के साथ कोई छेड़छाड़ न हो।

'मैसेंजर ऑफ गॉड' और 'द दा विंची कोड' जैसी फिल्मों के विरोध और 'कमाल धमाल मलामल' फिल्म के एक दृश्य पर ईसाई समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा जताई गई आपत्तियों का हवाला देते हुए, उन्होंने सवाल किया कि हिंदुओं की भावनाओं के मामले में ऐसा विचार क्यों नहीं किया गया। समिति की मुख्य आपत्तियां रावण के चित्रण, शूर्पणखा प्रसंग, लक्ष्मण के चरित्र-चित्रण, और भगवान राम व सीता को दिखाए जाने के तरीके को लेकर हैं।

'रामायण' में रावण को बताया महिलाओं का रक्षक

समिति का दावा है कि फिल्म में रावण को एक ऐसे शासक के रूप में दिखाया गया है जो पीड़ितों की रक्षा करता है और गरीबों को सोने के घर देता है। उसे ऋषियों और उनके आश्रमों पर अत्याचार करने वाले राक्षस राजा के बजाय, सामाजिक न्याय के समर्थक के रूप में पेश किया गया है। इस दक्षिणपंथी संगठन ने रावण को महिलाओं की गरिमा का रक्षक दिखाने पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यह सीता के अपहरण और महिलाओं के प्रति रावण के व्यवहार के पारंपरिक वृत्तांत के विपरीत है।

उन्होंने शूर्पणखा के राम और लक्ष्मण से मिलने वाले प्रसंग पर भी आपत्ति जताई है। आरोप है कि फिल्म में दिखाया गया है कि शूर्पणखा केवल विवाह का प्रस्ताव लेकर राम के पास आती है, जिसके बाद लक्ष्मण उसकी नाक काट देते हैं। संगठन ने विशेष रूप से उस दृश्य पर आपत्ति जताई है जिसमें सीता लक्ष्मण को फटकार लगाती हैं- कहा जाता है कि वह कहती हैं कि उन्हें किसी महिला को विरूपित करने का कोई अधिकार नहीं है। इसके अलावा, एक और दृश्य में राम को राक्षसों खर और दूषण से माफी मांगते हुए दिखाया गया है, जिस पर भी आपत्ति जताई गई है।

सोलंकी का दावा है कि ये चीजें मूल वाल्मीकि रामायण का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि इनमें आज के दौर की विचारधाराओं को थोपने की कोशिश की गई है। HJS ने उन दृश्यों पर भी आपत्ति जताई है जिनमें राम और लक्ष्मण को खर, दूषण और उनकी राक्षस सेना (तथा ताड़का) से लड़ते समय पीछे हटते हुए दिखाया गया है। संगठन का कहना है कि यह उनके पारंपरिक चित्रण के विपरीत है, जहां उन्हें अत्यंत साहसी और अजेय योद्धाओं के रूप में दिखाया जाता है।
संगठन ने फिल्म निर्माताओं पर लक्ष्मण को जानबूझकर कमजोर दिखाने का आरोप लगाया है। फिल्म में उन्हें अहंकारी, क्रोधी और राम तथा विश्वामित्र व अगस्त्य जैसे सम्मानित ऋषियों के प्रति व्यंग्यात्मक व्यवहार करने वाला दिखाया गया है। संगठन का कहना है कि पारंपरिक रूप से लक्ष्मण को त्याग, विनम्रता और समर्पण की प्रतिमूर्ति माना जाता है।

दूसरे भाग में भी इसी तरह की छेड़छाड़ देखने को मिली तो...

संगठन ने इस बात पर भी सवाल उठाया है कि फिल्म में लक्ष्मण को ऋषियों से दिव्य अस्त्रों का ज्ञान मांगते हुए दिखाया गया है। उनका दावा है कि वाल्मीकि रामायण के अनुसार, विश्वामित्र ने राम और लक्ष्मण दोनों को 'बला' और 'अतिबला' का ज्ञान दिया था।

सीता के संबंध में, संगठन का आरोप है कि फिल्म में उन्हें राक्षसों से लड़ते हुए तो दिखाया गया है लेकिन जब रावण उनका अपहरण करता है, तो वह कोई विरोध नहीं करतीं। संगठन का कहना है कि यह दृश्य उनके पहले के चित्रण के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने सीता के 'स्वयंवर' वाले दृश्य में रावण को न दिखाए जाने पर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि मूल कथा के अनुसार, रावण वहां मौजूद था लेकिन वह भगवान शिव का धनुष नहीं उठा पाया था। सोलंकी ने कहा कि फिल्म निर्माताओं को फिल्म के दूसरे भाग को रिलीज करने से पहले हिंदू धर्मगुरुओं, संतों और रामायण के जानकारों को दिखाना चाहिए। उन्होंने सरकार से भी अपील की कि वह भगवान राम के कथित अपमान और हिंदू संगठनों द्वारा जताई गई चिंताओं पर ध्यान दे।

सोलंकी ने कहा, "अगर दूसरे भाग में भी इसी तरह की छेड़छाड़ देखने को मिली, तो हम पूरे देश में सड़कों पर उतरेंगे और फिल्म का कड़ा विरोध करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News