राम का सार हर भारतीय की रगों में बसता है, चाहे वो किसी भी धर्म से हो... Javed Akhtar ने की ''रामायण'' की तारीफ
punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 01:07 PM (IST)
Javed Akhtar on Ramayan : भगवान राम को एक पूजनीय हस्ती बताते हुए, जिनका प्रभाव धार्मिक सीमाओं से परे है, जाने-माने गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने नितेश तिवारी की 'रामायण' के बारे में अच्छी बातें सुनी हैं, लेकिन अभी तक इसे देखा नहीं है। 'इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी' (IPRS) की 'म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट' के लॉन्च के मौके पर बात करते हुए, अख्तर ने बताया कि उनकी बेटी, फिल्म निर्माता जोया अख्तर ने यह फिल्म देखी है और उन्होंने इसकी काफी तारीफ की है।
अख्तर ने PTI से कहा, "मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है। मेरी बेटी (जोया) ने इसे देखा है और वह इसकी तारीफ कर रही है; वह बहुत मुश्किल से किसी चीज की तारीफ करती है। मैंने तो उसे कभी अपनी तारीफ करते हुए भी नहीं सुना है। जावेद अख्तर ने कई लोकप्रिय गीत लिखे हैं, जिनमें से आशुतोष गोवारिकर की 2004 की फिल्म 'स्वदेस' का गाना 'पल पल है भारी' आज भी लोगों के बीच सराहा जाता है। इस गाने की एक मशहूर पंक्ति है- मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में है।
जब उनसे पूछा गया कि उनके लिखे गीत लोगों के दिलों को छू लेते हैं, जबकि 'रामायण' के संगीत को वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिला, तो अख्तर ने कहा, "सीधी सी बात यह है कि मैं एक अच्छा लेखक हूं, यहीं से शुरुआत करते हैं। इसलिए, मेरी लिखी पंक्तियां लोगों के दिलों को छू जाती हैं। 81 वर्षीय लेखक-गीतकार ने भगवान राम के सदाबहार प्रभाव के बारे में भी बात की।
राम का सार हर भारतीय की रगों में बसता है
राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, राम एक आदर्श हैं, एक नैतिकता हैं, राम जीने का एक तरीका हैं। राम एक खास सौंदर्यबोध और नैतिकता का प्रतीक हैं। इसलिए, जब आप इसे देखते हैं और समझते हैं, तो यह आपके दिल को छू लेता है । हो सकता है कि कई लोग मुझसे नाराज हों लेकिन राम का सार हर भारतीय की रगों में बसता है, चाहे उनका धर्म कोई भी हो। उन्होंने कहा- हालांकि कभी-कभी उन्हें एक व्यक्ति के रूप में दिखाया जाता है लेकिन वे उससे कहीं बढ़कर हैं, वे जीवन जीने का एक तरीका हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में रणबीर कपूर राम की, यश रावण की और साई पल्लवी सीता की भूमिका निभा रहे हैं। हिंदी सिनेमा में साहित्य पर आधारित फिल्मों की कमी के बारे में पूछे गए एक सवाल पर, अख्तर ने कहा कि फिल्म निर्माता 'सामान्य' (generic) फॉर्मूलों पर निर्भर रहते हैं।
उन्होंने कहा, "पहले भी, साहित्य पर आधारित फिल्में बहुत कम बनती थीं। हमारे पास 'देवदास', 'साहिब बीवी और गुलाम' जैसी कुछ फिल्में थीं, बाकी सब सामान्य (generic) थीं। हिंदी फिल्में इसलिए ऐसी होती हैं क्योंकि वे हर किसी को खुश करना चाहती हैं; वे चाहती हैं कि गुजरात, पंजाब, कर्नाटक और यूपी के लोग भी उन्हें पसंद करें।
अपनी किताब 'टॉकिंग फिल्म्स' का जिक्र करते हुए, अख्तर ने कहा कि हिंदी सिनेमा ने अपनी एक अलग सांस्कृतिक पहचान बना ली है, जो आम भारतीय जीवन की वास्तविकताओं से काफी दूर है। उन्होंने कहा- मैंने किताब में लिखा है कि हमारे देश में अलग-अलग राज्यों की अपनी संस्कृति है और एक और 'राज्य' है - हिंदी फिल्म। यह एक ऐसा राज्य है जिसकी अपनी संस्कृति और अलग ही बनावट है। उन्होंने आगे कहा- जैसे, मैं लखनऊ में पला-बढ़ा हूं और मैंने अपनी जिंदगी में कभी किसी को अपने पिता को 'अब्बा हुज़ूर' कहते नहीं देखा। ऐसा सिर्फ फिल्मों में ही होता है।
सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी बोलें जावेद अख्तर
अख्तर ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के हाल ही में आए संस्मरण 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की भी तारीफ की, जिसे उन्होंने अभी पढ़ना शुरू ही किया है। उन्होंने कहा, "मैंने इसे पढ़ना शुरू किया है और यह मुझे बहुत दिलचस्प लग रही है। यह पढ़ने में बहुत अच्छी है। लिखने का अंदाज बहुत सुखद है। इसे आसानी से पढ़ा जा सकता है, मैं इसे पढ़ तो रहा हूं लेकिन अभी पूरी नहीं की है।" जब उनसे पूछा गया कि क्या इस संस्मरण पर कोई फीचर फिल्म बननी चाहिए, तो लेखक ने कहा कि इस संभावना पर कोई भी टिप्पणी करने से पहले वे इसे पूरा पढ़ना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा, "मैंने अभी इसे पूरा नहीं पढ़ा है, मैं कांग्रेस से जुड़ा नहीं हूं लेकिन सोनिया गांधी के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है।" "मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानता था और मैं उनसे बहुत प्रभावित हूं।
